झुंझुनूं में ईद की रौनक:ईदगाह में सुबह 8 बजे होगी नमाज, विशेष नमाज की तैयारियां पूरी
झुंझुनूं में ईद की रौनक:ईदगाह में सुबह 8 बजे होगी नमाज, विशेष नमाज की तैयारियां पूरी

झुंझुनूं : कल पूरे देश में ईद-उल-फितर का त्योहार धूमधाम से मनाया जाएगा। इस मौके पर झुंझुनूं शहर भी ईद के रंग में रंगा हुआ है। शहर की मुख्य ईदगाह में सुबह 8 बजे विशेष नमाज अदा की जाएगी। जिसकी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। ईदगाह कमेटी के सदस्यों ने ईद की नमाज के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं कर ली हैं। ईदगाह की साफ-सफाई का काम पूरा हो चुका है।
शहर काजी शफी उल्लाह सिद्दीकी ईद की नमाज पढ़ाएंगे। उन्होंने सभी लोगों से शांति और सद्भाव के साथ ईद मनाने की अपील की है।ईद-उल-फितर का त्योहार आपसी भाईचारे और प्रेम का प्रतीक है। नमाज के लिए विशेष जानमाज बिछाई गई है। इस बार ईदगाह का नजारा भी बदला-बदला सा होगा, क्योंकि यहां नया फर्श लगाया गया है और पूरी इमारत को रंग-रोगन किया गया है। इसके अलावा, ईदगाह की सभी मीनारों की भी मरम्मत की गई है।
ईदगाह में ये सभी कार्य चोपदार परिवार की ओर से करवाए गए हैं। मदरसा बोर्ड के चेयरमैन एमडी चोपदार ने बताया कि ईदगाह परिसर को नया रूप देने के लिए फर्श लगाने के साथ-साथ रंग-रोगन और मरम्मत का काम भी करवाया गया है। शहर के बाजारों में भी ईद की रौनक देखते ही बन रही है। दुकानों पर खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ रही है। लोग ईद के लिए नए कपड़े, मिठाई और अन्य सामान खरीद रहे हैं। बाजारों और मोहल्लों को रंग-बिरंगी लाइटों और झंडियों से सजाया गया है। ईद के मौके पर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने शहर में गश्त बढ़ा दी है और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।