सरदारशहर पंचायत समिति ने 72 विकास कार्यों को दी मंजूरी:स्कूलों में कक्षा-कक्ष और खरंजा निर्माण पर होगा 5.96 करोड़ का खर्च, 6 माह में पूरा होगा काम
सरदारशहर पंचायत समिति ने 72 विकास कार्यों को दी मंजूरी:स्कूलों में कक्षा-कक्ष और खरंजा निर्माण पर होगा 5.96 करोड़ का खर्च, 6 माह में पूरा होगा काम

सरदारशहर : सरदारशहर पंचायत समिति ने विकास कार्यों के लिए 5 करोड़ 96 लाख 19 हजार रुपए की राशि स्वीकृत की है। यह राशि राज्य वित्त आयोग षष्ठम, पंद्रहवें वित्त आयोग और निजी आय से प्राप्त हुई है। विकास अधिकारी महेंद्र सोलकी के अनुसार सभी कार्य 6 महीने में पूरे किए जाएंगे। प्रधान निर्मला राजपुरोहित और मधुसुदनसिंह राजपुरोहित ने बताया कि इस राशि से क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में कई विकास कार्य होंगे।
स्वीकृत कार्यों में सरकारी स्कूलों में 13 कक्षा-कक्षों का निर्माण 107.92 करोड़ से किया जाएगा। 20 खरंजा निर्माण कार्यों पर 183.50 करोड़ खर्च होंगे। इसके अलावा 4 विश्राम गृहों पर 27.23 लाख रुपए और 11 नाला निर्माण पर 76.04 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे।
अन्य प्रमुख कार्यों में 4 सरकारी स्कूलों में टीन शेड निर्माण (39.27 लाख), 3 चारदीवारी निर्माण (17.03 लाख), 2 पार्क निर्माण (11.61 लाख), 7 थ्री फेज ट्यूबवेल (69.84 लाख) और 3 आदर्श अमृत सरोवर (52.22 लाख) शामिल हैं। पंचायत समिति में निर्माण कार्यों पर 9.54 लाख, पानी की पाइपलाइन पर 1.24 लाख और मरम्मत कार्यों पर 75 हजार रुपए खर्च किए जाएंगे। मधुसुदनसिंह राजपुरोहित के अनुसार इन विकास कार्यों से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। सभी स्वीकृत कार्यों को शुरू करने की प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है।