नीमकाथाना जिले को हटाने का विरोध:अनिश्चितकाल के लिए बंद किया बाजार, शहर में निकाली आक्रोश रैली; बार संघ ने किया कार्य बहिष्कार
नीमकाथाना जिले को हटाने का विरोध:अनिश्चितकाल के लिए बंद किया बाजार, शहर में निकाली आक्रोश रैली; बार संघ ने किया कार्य बहिष्कार

नीमकाथाना : नीमकाथाना जिले को निरस्त करने के बाद नीमकाथाना के लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। लगातार लोग विरोध कर रहे हैं। आज जिला बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले विधायक सुरेश मोदी के नेतृत्व में कलेक्टर शरद मेहरा को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा और जिले को यथावत रखने की मांग की गई।
जिला यथावत रखने की मांग को लेकर शहर के बाजार अनिश्चित कालीन के लिए बंद कर दिए गए हैं। सड़को पर भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रैली निकाली गई। विधायक सुरेश मोदी व जिला संघर्ष समिति ने रैली निकालकर प्रदर्शन किया और कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
विधायक सुरेश मोदी ने कहा-नीमकाथाना जिले को हटाकर भाजपा सरकार ने जनता के साथ कुठाराघात किया है। उन्होंने कहा की जिले को यथावत रखने की मांग को लेकर कई संगठनों की ओर से विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। आज विरोध में नीम का थाना के बाजार भी पूरे तरीके से बंद हैं जो की अनिश्चित कालीन बंद रहेगा। कल से कलेक्ट्रेट बाहर अनिश्चित कालीन के लिए महापड़ाव शुरू किया जाएगा। वही जिला बार संघ ने भी अनिश्चित कालीन के लिए कार्य का बहिष्कार कर दिया है। बार संघ के अध्यक्ष सत्यनारायण यादव के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने रैली निकाली, कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
एसएफआई के कार्यकर्ताओं ने खेतडी मोड़ से आक्रोश रैली निकाली। कलेक्ट्रेट पर जमकर प्रदर्शन किया। कलेक्ट्रेट के सामने मुख्यमंत्री का पुतला फूंका। महासचिव विक्रम यादव ने कहा कि अगर नीमकाथाना जिले को यथावत नही रखा जाएगा तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।