अंतराष्ट्रीय हैंडबॉल मैच खेलेगा जैसलमेर का महेंद्रपाल सिंह:भारतीय टीम में हुआ चयन; 3 से 14 सितंबर तक अम्मान (जॉर्डन) में होगी प्रतियोगिता
अंतराष्ट्रीय हैंडबॉल मैच खेलेगा जैसलमेर का महेंद्रपाल सिंह:भारतीय टीम में हुआ चयन; 3 से 14 सितंबर तक अम्मान (जॉर्डन) में होगी प्रतियोगिता

जैसलमेर : जैसलमेर हैंडबॉल अकादमी के खिलाड़ी महेंद्रपाल सिंह का भारतीय हैंडबॉल टीम में चयन हुआ है। महेंद्रपाल सिंह अम्मान (जॉर्डन) में आयोजित होने जा रही 10वीं एशियन यूथ हैंडबॉल पुरुष चैम्पियनशिप में भारतीय टीम में खेलेगा। जैसलमेर हैंडबॉल अकादमी के खिलाड़ी का भारतीय टीम में चयन होने व अंतराष्ट्रीय मैच खेलने अमान (जॉर्डन) जाने पर सभी ने महेंद्रपाल सिंह को बधाई दी है।
इस मौके पर जैसलमेर विधायक छोटू सिंह भाटी व जिला कलेक्टर प्रताप सिंह ने महेंद्र पाल सिंह को अग्रिम शुभकामनाएं दी। इस दौरान सभी ने सिंह को बढ़िया गेम खेलकर देश का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दी।

3 से 14 सितंबर तक अम्मान (जॉर्डन) में होगी प्रतियोगिता
जैसलमेर जिला खेल अधिकारी एवं अकादमी प्रभारी राकेश बिश्नोई ने बताया कि जैसलमेर हैंडबॉल अकादमी के खिलाड़ी महेंद्र पाल सिंह 25 से 31 अगस्त 2024 तक सवाई मानसिंह स्टेडियम जयपुर में आयोजित भारतीय टीम के पूर्व प्रशिक्षण शिविर में भाग लेंगे। इसके बाद वे 3 से 14 सितंबर 2024 तक अम्मान (जॉर्डन) में यूथ एशियन हैंडबॉल चैम्पियनशिप में भारतीय टीम में खेलेंगे।
विश्नोई ने बताया कि जिले में 3 साल पहले हैंडबॉल अकादमी की स्थापना हुई थी। राजस्थान सरकार के युवा मामले एवं खेल विभाग व राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद जयपुर एवं जिला प्रशासन व नगर परिषद जैसलमेर के सहयोग से जिले में जैसलमेर हैंडबॉल अकादमी चल रही है। बड़ी खुशी की बात है कि जैसलमेर अकादमी का खिलाड़ी महेंद्र पाल सिंह 10वीं एशियन यूथ हैंडबॉल पुरुष चैम्पियनशिप अम्मान (जॉर्डन) में भारतीय टीम में खेलेगा।
यूथ आईएचएफ हैंडबॉल ट्रॉफी में जीता था गोल्ड
विश्नोई ने बताया कि इससे पूर्व महेंद्र पाल सिंह ने यूथ आईएचएफ हैंडबॉल ट्रॉफी में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर स्वर्ण पदक प्राप्त किया था। ये प्रतियोगिता जयपुर में 10 से 14 जुलाई 2024 तक आयोजित हुई थी। जिसमें भारतीय टीम ने स्वर्ण पदक जीत कर इतिहास रचा था।

पिता पुलिस में कॉन्स्टेबल है
जैसलमेर अकादमी के खिलाड़ी महेंद्र पाल सिंह के भारतीय टीम में चयन होने पर जैसलमेर विधायक छोटू सिंह भाटी एवं जिला कलेक्टर प्रताप सिंह ने माला पहनाकर मुंह मीठा करवाकर अग्रिम शुभकामनाएं दी। अपने साथी खिलाड़ी का भारतीय टीम में चयन होने पर अकादमी के सभी खिलाड़ियों में खुशी की लहर है। विश्नोई ने बताया कि महेंद्र पाल सिंह 17 साल का है। इसके पिता वीरम सिंह पुलिस मे कॉन्स्टेबल पद पर है। महेंद्र पाल सिंह 3 साल से अकादमी का रेगुलर खिलाड़ी है।