इस बार चुनाव विचित्र, विरोधी टीम को बाहर कर दिया : योगेंद्र यादव
इस बार चुनाव विचित्र, विरोधी टीम को बाहर कर दिया : योगेंद्र यादव

नीमकाथाना : स्वराज इंडिया के नेता योगेंद्र यादव बुधवार को नीमकाथाना आए। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीजेपी पर हमला बोला। कहा कि इस बार के लोकसभा चुनाव विचित्र हैं। चुनाव नहीं फुटबॉल का मैच हो गया। मैच से पहले दो-दो अंपायर (चुनाव आयुक्त) आउट कर दिए गए। खेल के टाइम में विरोधी टीम का राशन पानी बंद कर दिया गया। उनका इशारा कांग्रेस का अकाउंट सीज करने को लेकर था। बोले- स्ट्राइकर अरविंद केजरीवाल और हेमंत सोरेन को पकड़ कर मैच से पहले बाहर कर दिया गया। उनका मतलब केजरीवाल और सोरेन की गिरफ्तारी से था।
पहली बार बहुत बड़ा सवाल खड़ा हो रहा है। उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी की टाइमिंग पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्होंने भी शराब नीति का विरोध किया था मगर 2 साल पुराने केस में ऐन चुनाव के वक्त उनकी गिरफ्तारी की इतनी क्या जल्दी थी। यादव ने कहा कि अभी ना तो वे चुनाव लड़ रहे हैं और ना ही उनकी पार्टी। उनका चुनाव से लेना-देना नहीं पर वे भारत जोड़ो अभियान की तरफ से संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक संस्थाओं को बचाने की मुहीम चला रहे हैं। उन्होंने एम एसपी का जिक्र करते हुए कहा कि किसान को दान नहीं मेहनत के दाम की जरूरत है। स्वामी रंगनाथन कमेटी की रिपोर्ट लागू करना जरूरी है।