जयपुर राजघराने की गायत्री देवी के पोते ने शादी की:थाईलैंड में कॉलेज फ्रेंड के साथ रिश्ते में बंधे, रिसेप्शन में 60 रॉयल फैमिली हुईं शामिल
जयपुर राजघराने की गायत्री देवी के पोते ने शादी की:थाईलैंड में कॉलेज फ्रेंड के साथ रिश्ते में बंधे, रिसेप्शन में 60 रॉयल फैमिली हुईं शामिल

जयपुर : महारानी गायत्री देवी के पोते देवराज सिंह ने रोम पेस्टानपिचाय के साथ विटायू पैलेस (थाईलैंड ) में शादी की। रोम थाईलैंड की ही रहने वाली हैं। इसके बाद देवराज ने 8 मार्च को जयपुर में रॉयल फैमिली की परम्परा के अनुसार सुबह फेरे लिए और शाम को अपने परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और दोस्तों के लिए रिसेप्शन पार्टी रखी। अब दोनों की शादी के फोटो और वीडियो सामने आए हैं। होटल जयमहल पैलेस में हुई इस पार्टी में देशभर से 60 से ज्यादा रॉयल फैमिली के सदस्य शामिल हुए।
देवराज सिंह ने यह फंक्शन भी परम्परागत अंदाज में किया। पूरी फैमिली परम्परागत ड्रेस में नजर आई।

शादी के बाद लिली पूल में किया गृह प्रवेश
राजपरिवार से जुड़े लोगों के अनुसार, देवराज और रोम कॉलेज के समय से दोस्त हैं। थाईलैंड में शादी करने के बाद उन्होंने जयपुर में भी परम्परा के अनुसार शादी करने का निर्णय लिया। आठ मार्च को वेडिंग रिसेप्शन के बाद दोनों ने 9 मार्च को गायत्री देवी के निवास लिली पूल में गृह प्रवेश किया। यहां रॉयल फैमिली की परम्परा के अनुसार दुल्हन का वेलकम किया गया। इसके बाद तीन दिन के लिए दोनों सवाई माधोपुर चले गए थे। यहां वे शूटिंग लॉन्ज में रुके थे।

कॉलेज में हुई थी दोस्ती
जानकारी अनुसार, रोम पेस्टानपिचाय किसी राजपरिवार से नहीं हैं। देवराज और रोम की मुलाकात कॉलेज में पढ़ाई के दौरान हुई थी। वहीं, दोनों एक दूसरे को दिल दे बैठे।

पिता ने की थी थाईलैंड की राजकुमारी से शादी
देवराज सिंह गायत्री देवी के बेटे जगत सिंह की संतान हैं। जगत सिंह की प्रेम कहानी भी किसी फिल्म की कहानी से कम नहीं रही है। उन्होंने थाईलैंड की राजकुमारी से शादी की थी। अपना रिसेप्शन लंदन में रखा था। उस वेडिंग रिसेप्शन में लॉर्ड माउंटबेटन के साथ ब्रिटेन की रानी एलिजाबेथ द्वितीय भी शामिल हुई थीं।

















