जयपुर : शादी के 20 साल बाद जीता मिसेज इंडिया इंटरनेशनल खिताब:बेटियां बोलीं- पहले बुरा लगता था मां वक्त नहीं देती, नए-नए कपड़े आते तो खुशी होती
शादी के 20 साल बाद जीता मिसेज इंडिया इंटरनेशनल खिताब:बेटियां बोलीं- पहले बुरा लगता था मां वक्त नहीं देती, नए-नए कपड़े आते तो खुशी होती

जयपुर : मैं छठी क्लास में थी। टीवी पर ब्यूटी कॉन्टेस्ट देखकर रैंप वॉक करती थी। बचपन से इच्छा थी कि लाइफ में इतनी कामयाबी मिले लोग मुझे जाने। मेरी खुद की पहचान बने। मैं हमेशा एक गाना गुनगुनाया करती थी- मैं बनूंगी मिस इंडिया, लेकिन नहीं बन पाई। शादी होने के 20 साल बाद दो बेटियां भी हो गईं। अब मिसेज इंडिया का खिताब जीता है। ये कहना है मिसेज इंडिया इंटरनेशनल 2023 की विनर परमप्रीत मेहरा का।
हाल ही में माय एफएम जलवा के प्रोग्राम ‘माय पिंक सिटी क्वीन’ में परमप्रीत मेहरा और एक्ट्रेस पूजा गौर जज के रूप में शामिल हुई थीं। इस दौरान परमप्रीत ने मीडिया से बातचीत की…
परमप्रीत जयपुर की ही रहने वाली हैं। उनकी बेटी ने बताया- मां जब पेजेंट की तैयारी कर रही थी। तब टाइम नहीं दे पाती थीं। बुरा लगता था। जब घर में ब्यूटी कॉन्टेस्ट के नए-नए कपड़े आते थे तो खुशी भी होती थी।
परमप्रीत के पति तेजवीर सिंह एग्रीकल्चर डिपार्टमेंट में जूनियर साइंटिस्ट के पद पर हैं। बेटियों में बड़ी दिव्यांका 11th स्टैंडर्ड में पढ़ रही है। छोटी नंदिनी 9th में है। परमप्रीत खुद जयपुर की एक प्रतिष्ठित कंपनी में मैनेजर इन कॉर्पोरेट कॉर्डिनेशन की पोस्ट पर हैं।

परमप्रीत गाजियाबाद उत्तर प्रदेश की रहने वाली है। इनकी शादी 2003 में गाजियाबाद के ही तेजवीर सिंह से हुई। शादी लव कम अरेंज थी। परमप्रीत ने बताया- पिता फिल्म लाइन से जुड़े हुए थे। बचपन से ही मिसेज इंडिया बनने का सपना था, लेकिन शादी और करियर के बीच में इतना समय ही नहीं मिल पाया कि अपने सपने को पूरा कर सकें। अब पति के सपोर्ट से मिसेज इंडिया इंटरनेशनल 2023 का खिताब अपने नाम किया।
परमप्रीत ने बताया- फरवरी 2023 में ग्लोबल इंडिया एंटरटेनमेंट प्रोडक्शन के मिसेज इंडिया 2023 के लिए ऑडिशन जयपुर में चल रहे थे। मैंने उसमें अप्लाई किया। फिर मेरे पास कॉल आया। इसके लिए सिलेक्ट हो गई। उस वक्त मेरे पूरे परिवार में खुशी का ठिकाना नहीं था। मुझे उसी वक्त से ऐसा लग रहा था कि मैं यह खिताब जरूर जीतूंगी।

उन्होंने बताया- मैंने तैयारी शुरू की। तैयारी के लिए 4 महीने का समय मिला। इस दौरान ऑफिस, घर और इस पेजेंट की तैयारी तीनों एक साथ मैनेज करना पड़ा। साथ ही अपने हेल्थ और फिटनेस का भी ध्यान रखना था। मेरी मदर भी हमारे साथ ही रहती हैं। उनका काफी सपोर्ट मिला। बच्चे और फैमिली को समय नहीं दे पा रही थी। घर के कामों में मां हाथ बंटा देती थीं। फिर भी काफी मुश्किल होता था। किसी तरह से टाइम मैनेज किया। सुबह जल्दी उठती थी। जिम और योगा के लिए सुबह-सुबह डेढ़ से 2 घंटे देने पड़ते थे। उसके बाद घर में आकर खाना बनाना। बच्चों को अपने पति को खाना पैक करके देना। फिर खुद ऑफिस जाना होता था। दिनभर ऑफिस में काम करने के बाद शाम 7:00 बजे लौटती थी। फिर से खाना बनाकर और कुछ पढ़ने में लग जाती थी।

उन्होंने बताया- इन सब भाग दौड़ के बीच में कब चार महीने निकल गए पता ही नहीं चला। 10 जून 2023 को दिल्ली के एक होटल में मिसेज इंडिया इंटरनेशनल का ग्रैंड फिनाले था। इसकी जज फिल्म एक्ट्रेस मलाइका अरोड़ा थीं। ब्यूटी पेजेंट में 290 पार्टिसिपेंट्स थे। अलग-अलग 7 राउंड होने थे। इनमें ब्यूटी स्किन, वे ऑफ स्किल्स, प्रेजेंटेशन, बिकिनी राउंड, स्टेज परफॉर्मेंस, रैंप वॉक थे।

उन्होंने बताया- मिसेज इंडिया इंटरनेशनल का खिताब जीतने के बाद भी कंपनी इस चीज का ख्याल रखती है कि आप सोसाइटी में किस तरीके से रहती हैं। आपने जो खिताब जीता, उसको आप कितना मेंटेन रख रही हैं। ऐसा नहीं होगा कि आप आज पेंजेट में आ गए। जीत गए तो फिर आपको अपना रूटीन उसी तरीके का रखना पड़ता है। मैं अगर जाऊंगी तो अकेले नहीं जा रही हूं। मैं क्राउन को साथ लेकर जाऊंगी। यह एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी है, जिसे मैंने सच में अपने सर पर ले लिया है।

परमप्रीत ने बताया- अब आगे मिसेज यूनिवर्स या मिसेज वर्ल्ड बनने का मौका मिला तो मैं जरूर आगे के लिए जाना चाहूंगी। इसके लिए मैं अभी खुद को काफी फिट रखती हूं। डेली योगा और जिम मेरे लाइफ का हिस्सा बन चुका है।
परमप्रीत की बड़ी बेटी दिव्यांका ने बताया- स्कूल में फ्रेंड्स तारीफ करते हैं कि मेरी मां मिसेज इंडिया बन चुकी हैं। नीट की तैयारी करने के बाद आगे मैं भी इस फील्ड में जाना चाहूंगी।

परमप्रीत की बेटी ने बताया- मां समय नहीं दे पाती थी। बुरा भी लगता था। जब पेजेंट की तैयारी चल रही थी। उस वक्त काफी अच्छा लग रहा था, क्योंकि रोज नए-नए ड्रेस आते थे। घर में त्योहार जैसा माहौल हो गया था।

परमप्रीत के पति तेजवीर ने बताया- परमप्रीत शुरू से ही काफी स्ट्रॉन्ग लेडी रही हैं। इन्होंने जब मेरे से कहा कि मैं मेरे सपने को पूरा करना चाहती हूं। मैं और मेरी बेटियां काफी खुश हुए। हमने कहा- आप आगे बढ़ो।