बेटे की हत्या की साजिश में आरोपी मां को जेल भेजा, प्रेमी सहित दो आरोपी दो दिन के रिमांड पर
बगड़ के काटली नदी हत्याकांड में पुलिस का खुलासा, मां-बेटे के बीच तीन महीने से चल रहा था विवाद; एक नाबालिग भी निरुद्ध
बगड़ : भड़ौंदा खुर्द क्षेत्र में काटली नदी के पास मृत मिले सुनील कुमार की हत्या के मामले में पुलिस जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार युवक की हत्या की साजिश में उसकी मां सीमा (42) भी शामिल थी। पुलिस ने आरोपी सीमा को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। वहीं, उसके प्रेमी गुलाब रेबारी (42) और जितेंद्र सिंह उर्फ जीत (30) को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। मामले में एक नाबालिग को भी निरुद्ध किया गया है।
बगड़ थानाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक सुनील कुमार और उसकी मां सीमा के बीच पिछले करीब तीन महीने से विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार इसी विवाद के चलते सीमा ने अपने प्रेमी गुलाब रेबारी के साथ मिलकर बेटे की हत्या की साजिश रची थी। वारदात में जितेंद्र सिंह उर्फ जीत और एक नाबालिग की भूमिका भी सामने आई है।
11 नवंबर को घर से निकला था सुनील, 16 को मिला शव
जानकारी के अनुसार सुनील कुमार 11 नवंबर को गाय बेचने के बहाने घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने तलाश करने के बाद 13 नवंबर को बगड़ पुलिस थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज करवाई। इसके बाद 16 नवंबर को भड़ौंदा खुर्द क्षेत्र में काटली नदी के पास झाड़ियों में सुनील का शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच में गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई।
रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ जारी
थानाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि गुलाब रेबारी और जितेंद्र सिंह उर्फ जीत को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस हत्या की साजिश रचने से लेकर वारदात को अंजाम देने तक की घटनाओं की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। इसके साथ ही वारदात से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस आरोपियों की भूमिका और घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2561928

