चूरू में 1180 बूथों पर पिलाई पोलियो की खुराक, 3.24 लाख बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य
तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान शुरू, सोमवार और मंगलवार को घर-घर पहुंचेंगी स्वास्थ्य विभाग की टीमें; ईंट-भट्ठों और निर्माण स्थलों पर श्रमिकों के बच्चों पर विशेष ध्यान
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : मोहम्मद अली पठान
चूरू : जिले में रविवार को उप-राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान की शुरुआत हुई। राजकीय डेडराज भरतिया अस्पताल में चूरू मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रमाकांत और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज शर्मा ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। अभियान के पहले दिन जिलेभर में बनाए गए 1180 बूथों पर बच्चों को पोलियोरोधी दवा पिलाई गई। स्वास्थ्य विभाग ने जिले में पांच वर्ष तक के 3 लाख 24 हजार 848 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज शर्मा ने बताया कि अभियान के तहत जिले के सभी पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। रविवार को बूथों पर दवा पिलाने के बाद सोमवार और मंगलवार को स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर वंचित बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगे।
ईंट-भट्ठों और निर्माण स्थलों पर रहने वाले बच्चों पर विशेष ध्यान
डॉ. मनोज शर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान घुमंतू परिवारों और श्रमिक बस्तियों में रहने वाले बच्चों तक पहुंचने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। गाड़िया लुहार परिवारों, पत्थर का काम करने वाले श्रमिकों, भवन निर्माण स्थलों और ईंट-भट्ठों पर कार्यरत मजदूरों के पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि ऐसे परिवारों के लगातार एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाने के कारण कई बार बच्चे नियमित टीकाकरण अभियान से वंचित रह जाते हैं। इसलिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें इन क्षेत्रों में पहुंचकर बच्चों को पोलियोरोधी दवा पिलाएंगी।
पोलियो मुक्त भारत का दर्जा बनाए रखने के लिए अभियान जरूरी
सीएमएचओ डॉ. मनोज शर्मा ने बताया कि भारत को वर्ष 2014 में पोलियो मुक्त घोषित किया गया था। देश में पोलियो का दोबारा प्रसार रोकने के लिए नियमित टीकाकरण के साथ समय-समय पर पल्स पोलियो अभियान चलाया जाता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं। जिन बच्चों को रविवार को बूथ पर दवा नहीं पिलाई जा सकी, उनके परिजन सोमवार और मंगलवार को घर पहुंचने वाली स्वास्थ्य विभाग की टीमों का सहयोग करें। अभियान के शुभारंभ अवसर पर खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जगदीश सिंह भाटी, खंड कार्यक्रम प्रबंधक ओमप्रकाश प्रजापत और हेमराज शर्मा सहित चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के कार्मिक मौजूद रहे।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19







Total views : 2561235


