प्रवासी राजस्थानी दिवस का आगाज खेतड़ी के अभयगढ़ से, 8 दिसंबर को सजेगा शेखावाटी की विरासत का मंच
8 से 10 दिसंबर तक होंगे तीन दिवसीय आयोजन, जयपुर में सांस्कृतिक संध्या और निवेश पर मंथन; मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने तैयारियों की समीक्षा की
झुंझुनूं : राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन और निवेश की संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से 8 से 10 दिसंबर तक प्रवासी राजस्थानी दिवस के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों की शुरुआत 8 दिसंबर को झुंझुनूं जिले के खेतड़ी स्थित अभयगढ़ में शेखावाटी हेरिटेज कार्यक्रम से होगी। इसके बाद 9 दिसंबर को जयपुर में सांस्कृतिक संध्या और 10 दिसंबर को प्रवासी राजस्थानी दिवस का मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर रविवार को मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने शासन सचिवालय में अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने आयोजन की रूपरेखा और व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए कार्यक्रमों को सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए। भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के सहयोग से होने वाले इन आयोजनों में राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत, औद्योगिक विकास, पर्यटन और निवेश की संभावनाओं को प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाएगा।
8 दिसंबर : खेतड़ी के अभयगढ़ में दिखेगी शेखावाटी की सांस्कृतिक विरासत
तीन दिवसीय कार्यक्रमों की शुरुआत 8 दिसंबर को खेतड़ी स्थित अभयगढ़ में शेखावाटी हेरिटेज कार्यक्रम से होगी। इसमें शेखावाटी क्षेत्र की ऐतिहासिक हवेलियों, अनूठी स्थापत्य कला, समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं और पर्यटन की संभावनाओं को विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा।
आयोजन का उद्देश्य शेखावाटी की ऐतिहासिक धरोहरों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के साथ पर्यटन एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देना है। इस कार्यक्रम के माध्यम से क्षेत्र की विरासत को पर्यटन विकास और निवेश की संभावनाओं से जोड़ने पर विशेष जोर रहेगा।
9 दिसंबर : जयपुर में सांस्कृतिक संध्या, 25 देशों के प्रतिनिधियों का होगा स्वागत
दूसरे दिन 9 दिसंबर को जयपुर स्थित राजस्थान अंतरराष्ट्रीय केंद्र में सांस्कृतिक संध्या आयोजित की जाएगी। इसमें राजस्थान फाउंडेशन के 25 देशों में कार्यरत अध्यक्षों का स्वागत किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से विदेशों में रहने वाले राजस्थानियों को अपनी जन्मभूमि, संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही प्रदेश की लोककला, सांस्कृतिक पहचान और समृद्ध परंपराओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत किया जाएगा।
10 दिसंबर : प्रवासी राजस्थानी दिवस पर छह प्रमुख क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा
तीन दिवसीय आयोजनों का मुख्य समारोह 10 दिसंबर को जयपुर प्रदर्शनी एवं सम्मेलन केंद्र में होगा। प्रवासी राजस्थानी दिवस के अवसर पर उद्योग, ऊर्जा, पर्यटन, प्रवासी राजस्थानी, खनन और नगरीय विकास सहित छह प्रमुख क्षेत्रों पर अलग-अलग सत्र आयोजित किए जाएंगे।
इन सत्रों में राजस्थान में निवेश की संभावनाओं, सरकारी नीतियों, औद्योगिक विकास, व्यावसायिक साझेदारी और भविष्य की कार्ययोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम में देश-विदेश के प्रतिष्ठित उद्योगपतियों और निवेशकों के शामिल होने की संभावना है।
मुख्य सचिव ने दिए बेहतर व्यवस्थाओं के निर्देश
मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने बैठक में कहा कि तीन दिवसीय आयोजनों के माध्यम से राजस्थान की ऐतिहासिक विरासत, पर्यटन क्षमता और औद्योगिक विकास की संभावनाओं को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आयोजन की सभी तैयारियां समय पर पूरी करने और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
इन कार्यक्रमों के जरिए प्रवासी राजस्थानियों को प्रदेश के विकास से जोड़ने, निवेश के नए अवसर तलाशने और राजस्थान की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक स्तर पर मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19







Total views : 2561220


