सीबीएम यूथ कार्निवल में 325 छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा, रचनात्मक गतिविधियों में लिया हिस्सा
बालिका महाविद्यालय में कला, विज्ञान और वाणिज्य से जुड़ी गतिविधियां रहीं आकर्षण का केंद्र, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और खाद्य स्टॉल ने बढ़ाई रौनक
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : मोहम्मद अली पठान
चूरू : जिला मुख्यालय स्थित बालिका महाविद्यालय में छात्राओं की प्रतिभा, उत्साह और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सीबीएम यूथ कार्निवल आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न विद्यालयों की 325 छात्राओं और स्टाफ सदस्यों ने भाग लिया। पूरे महाविद्यालय परिसर में दिनभर उत्साह और उमंग का माहौल रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्रवेश द्वार पर छात्राओं के स्वागत के साथ हुआ। महाविद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रामगोपाल बहड़ और सचिव भागीरथ शर्मा ने छात्राओं को शुभकामनाएं दीं। प्राचार्य आशा कोठारी ने कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र की महत्वपूर्ण धरोहर है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नवाचार, सामूहिक भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कार्निवल में उत्साह से भाग लेने वाली छात्राओं और आयोजन टीम की सराहना की।

कार्निवल में राजकीय गर्ल्स बागला, राजकीय पुत्री पाठशाला, आदर्श विद्या मंदिर, मेरीगोल्ड, जैन श्वेतांबर, एसके मेमोरियल, राजकीय गोयनका और राजकीय पारख बालिका सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों की छात्राओं ने भाग लिया। छात्राओं ने कला, विज्ञान और वाणिज्य संकायों से जुड़ी गतिविधियों का अवलोकन कर उच्च शिक्षा, ज्ञान-विज्ञान और आधुनिक तकनीक के विभिन्न आयामों की जानकारी ली। उन्हें महाविद्यालय के पुस्तकालय, कला एवं हस्तशिल्प गतिविधियों, डिजिटल कंप्यूटर प्रयोगशाला और शैक्षणिक संसाधनों से भी परिचित कराया गया।
कार्निवल में छायाचित्र स्थल, रैंप, रोचक खेल और मनोरंजक गतिविधियां आकर्षण का केंद्र रहीं। रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और खाद्य स्टॉल ने आयोजन की रौनक बढ़ाई। छात्राओं ने विभिन्न गतिविधियों में भाग लेकर अपनी कल्पनाशीलता और सृजनात्मक कौशल का परिचय दिया।
कार्यक्रम में प्रबंधन समिति के संयुक्त सचिव राजेश भावसिंहका और सदस्य राजेश मंडावेवाला भी मौजूद रहे। आयोजन छात्राओं के लिए मनोरंजन के साथ अपनी रुचियों और प्रतिभा को पहचानने, आत्मविश्वास बढ़ाने तथा भविष्य की संभावनाओं को समझने का अवसर बना।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2552970

