अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू हुआ, फिर बीच में क्यों थम गया? : रतनलाल जांगिड़
सुभाष चौक से मंडी चौराहे तक दोबारा अतिक्रमण होने पर जताई चिंता, नई सड़क और धर्मस्तूप से बाजार तक अभियान चलाने की मांग
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : मोहम्मद अली पठान
चूरू : शहर में अतिक्रमण हटाने के लिए नगर परिषद की ओर से शुरू किए गए अभियान के बीच में रुकने और हटाए गए अतिक्रमणों के दोबारा होने पर कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता रतनलाल जांगिड़ ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि चूरू की जनता को दिखावे का अभियान नहीं, बल्कि स्थायी समाधान चाहिए।
जांगिड़ ने कहा कि पिछले दिनों नगर परिषद ने सुभाष चौक से मंडी चौराहे तक अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया था। इस दौरान सड़कों के किनारे खुली जगह दिखाई देने लगी और राहगीरों का आवागमन भी आसान हुआ। नगर परिषद की इस कार्रवाई की शहरवासियों ने सराहना की थी। सफेद घंटाघर के आसपास भी अतिक्रमण हटाया गया था, लेकिन अब वहां फिर से धीरे-धीरे अतिक्रमण होने लगा है। जिन स्थानों को अतिक्रमण मुक्त कराया गया था, वे दोबारा पुरानी स्थिति में लौटते नजर आ रहे हैं।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब अभियान को जनता का समर्थन मिल रहा था तो इसकी रफ्तार क्यों थम गई? क्या इसके पीछे प्रशासनिक मजबूरी, संसाधनों की कमी या किसी तरह का दबाव रहा? उन्होंने कहा कि अभियान को केवल कुछ मार्गों तक सीमित रखने के बजाय इसका दायरा बढ़ाने की जरूरत है।
जांगिड़ ने नगर परिषद से नई सड़क पर सुभाष चौक से रेलवे स्टेशन तक तथा पुरानी सड़क पर धर्मस्तूप से बाजार तक अतिक्रमण हटाने की मांग की। साथ ही सुभाष चौक से मंडी चौराहे तक पहले हटाए गए अतिक्रमणों पर नियमित निगरानी रखने और सफेद घंटाघर सहित सभी अतिक्रमण मुक्त स्थानों को दोबारा कब्जों से बचाने की बात कही।
उन्होंने कहा कि इन मार्गों से अतिक्रमण हटने पर आमजन और वाहन चालकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा बाजार में लगने वाले जाम से भी राहत मिल सकती है। नगर परिषद को यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि अतिक्रमण हटाने के बाद दोबारा कब्जे रोकने की जिम्मेदारी किसकी होगी।
जांगिड़ ने कहा कि अतिक्रमण हटाना एक दिन की कार्रवाई नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली व्यवस्था होनी चाहिए। शहर की सड़कें और सार्वजनिक स्थान किसी एक व्यक्ति की जागीर नहीं, बल्कि पूरे शहर की साझा संपत्ति हैं। चूरू को अतिक्रमण मुक्त बनाना है तो अभियान को लगातार जारी रखना होगा।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2552992


