पर्यावरण संरक्षण का संदेश लेकर निकली जागरूकता रैली, जिला कलक्टर ने किया पौधरोपण
ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह का जिला स्तरीय शुभारंभ, जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने दिलाई पर्यावरण संरक्षण की शपथ
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : मोहम्मद अली पठान
चूरू : पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग और जिम्मेदार जीवनशैली को जन-आंदोलन बनाने के उद्देश्य से रविवार को जिला मुख्यालय स्थित नेचर पार्क में ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह का जिला स्तरीय शुभारंभ एवं शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने शिरकत की। इस दौरान उन्होंने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वहीं, स्काउट-गाइड की ओर से जागरूकता रैली निकालकर आमजन को पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला कलक्टर सुराणा ने कहा कि जलवायु परिवर्तन, बढ़ता प्रदूषण, प्राकृतिक संसाधनों का अत्यधिक दोहन और जैव विविधता का ह्रास वर्तमान समय की गंभीर वैश्विक चुनौतियां हैं। इनका प्रभावी समाधान तभी संभव है, जब समाज का प्रत्येक वर्ग पर्यावरण अनुकूल व्यवहार को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाए। स्वस्थ जीवनशैली और स्वच्छ पर्यावरण एक-दूसरे के पूरक हैं। दैनिक जीवन में किए गए छोटे-छोटे सकारात्मक बदलाव भी पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़े परिणाम दे सकते हैं।

उन्होंने कहा कि जल संरक्षण, ऊर्जा की बचत, प्लास्टिक का न्यूनतम उपयोग, कचरे का उचित प्रबंधन, पौधरोपण और प्राकृतिक संसाधनों का संतुलित उपयोग सतत जीवनशैली के महत्वपूर्ण आधार हैं। चूरू जैसे मरुस्थलीय जिले में जल संरक्षण, हरित क्षेत्र का विस्तार, स्वच्छता और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा का विशेष महत्व है। प्रत्येक नागरिक पानी की एक-एक बूंद बचाने, बिजली का अनावश्यक उपयोग रोकने, प्लास्टिक का इस्तेमाल कम करने और आसपास स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प ले, तो इसका व्यापक सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल सकता है।
इस अवसर पर जिला कलक्टर ने उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए दैनिक जीवन में जरूरी बदलाव लाने तथा परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी पर्यावरण अनुकूल आदतें अपनाने के लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई।

डीएफओ संदीप कुमार ने बताया कि ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह का आयोजन 1 से 7 नवंबर 2026 तक किया जा रहा है। भारत की वर्ष 2026 की ब्रिक्स अध्यक्षता के अंतर्गत आयोजित यह अभियान मिशन लाइफ की भावना पर आधारित है। इसका उद्देश्य आमजन को पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना और पर्यावरण संरक्षण को केवल जागरूकता तक सीमित न रखते हुए नागरिकों के व्यवहार एवं दैनिक आदतों में सकारात्मक बदलाव लाना है।
उन्होंने बताया कि सप्ताह के दौरान स्वस्थ जीवनशैली, ऊर्जा संरक्षण, जल संरक्षण, सतत खाद्य प्रणाली, एकल उपयोग प्लास्टिक से बचाव, ई-कचरे में कमी और कचरा कम करने जैसे सात प्रमुख विषयों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने आमजन से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और पर्यावरण संरक्षण को एक सप्ताह तक सीमित न रखकर जीवन का स्थायी हिस्सा बनाने की अपील की। एसीएफ मनीष पूनिया ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

सप्ताह के पहले दिन की थीम ‘स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं’ रखी गई। इसके तहत स्काउट-गाइड की ओर से नेचर पार्क से नगर परिषद होते हुए डीबी जनरल अस्पताल तक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और टिकाऊ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में उद्योग उपायुक्त उजाला, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता रमेश राठी, वाटरशेड अधीक्षण अभियंता महेंद्र, क्षेत्रीय वन अधिकारी महेश जाखड़ सहित स्काउट-गाइड, विभिन्न विभागों के अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2496903

