तीसरी मंजिल से मिक्सर मशीन पर गिरा मजदूर, हालत गंभीर; जयपुर रेफर
परिजनों का आरोप-बिना सुरक्षा उपकरणों के कराया जा रहा था काम, ठेकेदार के खिलाफ थाने में दी शिकायत
झुंझुनूं : शहर के पीरू सिंह सर्किल के पास निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत में काम करते समय 25 वर्षीय मजदूर बनवारी लाल तीसरी मंजिल से नीचे मिक्सर मशीन पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। मध्य प्रदेश के ग्वालियर निवासी बनवारी को प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया है। परिजनों ने ठेकेदार पर बिना सुरक्षा उपकरणों के ऊंचाई पर काम कराने का आरोप लगाया है। घायल के मामा ने पुलिस थाने में लिखित शिकायत देकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
तीसरी मंजिल से नीचे गिरा मजदूर
हादसा पीरू सिंह सर्किल के पास निर्माणाधीन इमारत में हुआ। बनवारी लाल वहां मजदूरी कर रहा था। इसी दौरान वह तीसरी मंजिल से नीचे मिक्सर मशीन पर गिर गया। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं। घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जयपुर रेफर कर दिया गया।
ठेकेदार पर सुरक्षा इंतजाम नहीं करने का आरोप
परिजनों के अनुसार, ठेकेदार गोपी सुबह बनवारी को मजदूरी के लिए लेकर गया था। उनका आरोप है कि हादसे के बाद परिवार को समय पर सूचना नहीं दी गई। परिजनों का कहना है कि बनवारी से तीसरी मंजिल पर बिना सुरक्षा उपकरणों के काम कराया जा रहा था। उन्होंने सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने को हादसे की वजह बताते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
घायल के मामा ने पुलिस थाने में लिखित शिकायत दी है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर सकती है।
परिवार का अकेला कमाने वाला सदस्य है बनवारी
बनवारी लाल ग्वालियर से आकर झुंझुनूं के गुढ़ा मोड़ क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा था। परिजनों के अनुसार, वह परिवार में कमाने वाला अकेला सदस्य है। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घायल की मामी का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों ने भावुक होकर कहा, “हमें रुपयों से कोई मतलब नहीं है, हमें बस हमारा बच्चा ठीक करके वापस दे दो। जयपुर में इलाज का खर्च हम गरीब लोग कहां से लाएं। दिनभर मजदूरी करके इतना पैसा नहीं मिलता कि अस्पताल का बिल भर सकें।”
लेबर चौक से काम पर जाते हैं मजदूर
झुंझुनूं के गुढ़ा मोड़ स्थित लेबर चौक पर मध्य प्रदेश सहित दूसरे राज्यों से आए मजदूर रोजाना काम की तलाश में खड़े होते हैं। ठेकेदार यहां से मजदूरों को दैनिक मजदूरी पर अलग-अलग निर्माण स्थलों पर ले जाते हैं। बनवारी लाल को भी इसी तरह काम के लिए ले जाया गया था। हादसे ने निर्माण स्थलों पर मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2483195

