मंड्रेला नगर पालिका भवन शिफ्ट करने पर विवाद:अध्यक्ष बोले- किसी को परेशान करना मकसद नहीं, उपाध्यक्ष ने कहा- बिना चर्चा फैसला गलत
मंड्रेला नगर पालिका भवन शिफ्ट करने पर विवाद:अध्यक्ष बोले- किसी को परेशान करना मकसद नहीं, उपाध्यक्ष ने कहा- बिना चर्चा फैसला गलत
मंड्रेला : झुंझुनूं के मंड्रेला में नगर पालिका कार्यालय को कस्बे से करीब तीन किलोमीटर दूर उपतहसील भवन में शिफ्ट करने का मामला तूल पकड़ने लगा है। भवन की शिफ्टिंग को लेकर नगर पालिका चेयरमैन प्रवीण बानो और वाइस चेयरमैन नफीस मंडेलिया के बीच विवाद हो गया हैं। वहीं, पार्षद भी इस मुद्दे पर दो गुटों में बंट गए हैं। एक पक्ष अभी वाले भवन में जगह की कमी का हवाला देते हुए उपतहसील परिसर में कार्यालय शिफ्ट करने के पक्ष में है, जबकि दूसरा पक्ष इसे मौजूदा जगह पर ही सुविधाएं बढ़ाने की मांग कर रहा है।
इसी विरोध के बीच सोमवार को सर्व समाज की ओर से अधिशासी अधिकारी कमल मेघवाल को ज्ञापन सौंपकर नगरपालिका कार्यालय को दूसरी जगह शिफ्ट नहीं करने की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि पार्षदों को विश्वास में और नगरपालिका बोर्ड की बैठक के बिना इस तरह का निर्णय लेना उचित नहीं है।
ज्ञापन में उपतहसील भवन की कस्बे से करीब तीन किलोमीटर की दूरी को मेन समस्या बताया गया। लोगों का कहना है कि कार्यालय दूर जाने से नगरपालिका से जुड़े छोटे-बड़े कामों के लिए लोगों को काफी दूरी तय करनी पड़ेगी।
तीन भवन होने का हवाला, वर्तमान परिसर में जगह बढ़ाने का पक्ष
नगरपालिका के पास खुद के तीन भवन मौजूद हैं। ऐसे में कार्यालय की जगह को बदलने से पहले मौजूदा संसाधनों का उपयोग किया जाना चाहिए। वर्तमान नगरपालिका भवन के पास स्थित अटल सेवा केंद्र में पार्टिशन कर अतिरिक्त कमरे बनाए जा सकते हैं। इसके ऊपर पार्षदों की बैठकों के लिए हॉल बनाने की संभावना भी जताई गई। लोगों का कहना है कि इससे कार्यालय में जगह की समस्या दूर हो सकती है और आमजन को कस्बे से बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
वाइस चेयरमैन बोले- बिना बैठक और पूर्व सूचना के कैसे होगा फैसला
नगरपालिका उपाध्यक्ष नफीस मंडेलिया ने भवन शिफ्ट करने पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा- बिना बोर्ड बैठक और पहले से दी गई सूचना के बिना कार्यालय दूसरी जगह ले जाने का फैसला सही नहीं है। वहीं, तेजपाल शर्मा ने कहा कि नगरपालिका कार्यालय शिफ्ट करने जैसे महत्वपूर्ण मामले पर फैसला लेते समय आमजन की सुविधा, दूरी और आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखना जरूरी है।
चेयरमैन बोलीं- प्रशासनिक काम बढ़ा, पर्याप्त जगह और पार्किंग की जरूरत
दूसरी तरफ नगरपालिका चेयरमैन प्रवीण बानो ने कहा- मंड्रेला की जनता की सुविधा और कस्बे का विकास उनकी प्राथमिकता है। नगरपालिका बनने के बाद प्रशासनिक कार्यों का दायरा बढ़ा है। ऐसे में अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए पर्याप्त जगह, पार्षदों की बैठकों के लिए हॉल और अन्य जरूरी सुविधाओं वाले कार्यालय की जरूरत है।
उन्होंने कहा- उप तहसील परिसर में उपलब्ध भवन में काफी जगह और पार्किंग की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शिफ्टिंग पर विचार किया जा रहा है। उद्देश्य किसी को परेशान करना नहीं, बल्कि नगरपालिका की कार्यप्रणाली बेहतर बनाना और आमजन को सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराना है।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2483128


