[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

आचार संहिता की अक्षरश: पालना करें राजनीतिक दल और प्रत्याशी: सुराणा


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
चूरूटॉप न्यूज़राजस्थानराज्य

आचार संहिता की अक्षरश: पालना करें राजनीतिक दल और प्रत्याशी: सुराणा

पंचायतीराज चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक, प्रचार से लेकर मतदान व्यवस्था की दी जानकारी

चूरू : पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर अभिषेक सुराणा ने सोमवार को कलेक्ट्रेट में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने निर्वाचन कार्यक्रम, नामांकन, मतदान व्यवस्था, प्रचार सामग्री, अभ्यर्थियों की व्यय सीमा और आदर्श आचार संहिता सहित चुनाव से जुड़े विभिन्न प्रावधानों की जानकारी दी।

सुराणा ने कहा कि संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता की अक्षरश: पालना सुनिश्चित की जाए। राजनीतिक दलों और अभ्यर्थियों से स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी चुनाव के लिए सहयोग की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि मतदाताओं को निर्भीक होकर मतदान के लिए प्रेरित किया जाए।

उन्होंने बताया कि चूरू जिले में पंचायतीराज चुनाव तीसरे और चौथे चरण में होंगे। तीसरे चरण में बीदासर, राजगढ़, चांदगोठी, सिद्धमुख, भानीपुरा, सरदारशहर और सरदारशहर पूर्व पंचायत समितियों के निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव होंगे। चौथे चरण में सुजानगढ़, तारानगर पूर्व, तारानगर पश्चिम (भालेरी), रतनगढ़, चूरू और चूरू उत्तर पंचायत समितियों के निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव कराए जाएंगे।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम अर्पिता सोनी ने आचार संहिता के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि आचार संहिता लागू होने से पहले स्वीकृत और चल रहे विकास कार्य जारी रह सकेंगे, लेकिन नई योजनाएं, नए कार्यादेश और नए विकास कार्य प्रतिबंधित रहेंगे। लाउडस्पीकर के लिए संबंधित रिटर्निंग अधिकारी से अनुमति लेना जरूरी होगा। रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक लाउडस्पीकर का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा। रैली, जुलूस और सार्वजनिक सभा के लिए भी पूर्व अनुमति आवश्यक होगी।

उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच का चुनाव मतपत्र से, जबकि पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों का चुनाव ईवीएम से होगा। इस बार चुनाव लड़ने के लिए संतान संबंधी बाध्यता समाप्त कर दी गई है। व्यय सीमा भी निर्धारित की गई है। जिला परिषद सदस्य के लिए अधिकतम 3 लाख रुपए, पंचायत समिति सदस्य के लिए 1.50 लाख रुपए और सरपंच पद के लिए 1 लाख रुपए खर्च किए जा सकेंगे।

बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदाता सूची, नव मतदाता पंजीकरण, नाम हटाने, मतदाता पहचान पत्र सहित 11 वैकल्पिक फोटोयुक्त दस्तावेज, मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं तथा नामांकन से लेकर मतदान और मतगणना तक की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। बैठक में भाजपा से नारायण बेनीवाल, कांग्रेस से असलम खोखर, डॉ. राहुल कस्वां, इंद्राज, शिवप्रकाश शर्मा, अजय सहित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं निर्वाचन कार्मिक मौजूद रहे।

Related Articles