मजदूर की बेटी बनी तहसीलदार, मनीषा महिचा ने रचा इतिहास
पिता ने मजदूरी कर बेटी को पढ़ाया, मनीषा ने मेहनत और लगन से हासिल किया मुकाम; घर पहुंचने पर हुआ जोरदार स्वागत
जनमानस शेखावाटी संवाददाता : शोयब अली खान
फतेहपुर शेखावाटी : पिता ने मजदूरी कर बेटी की पढ़ाई का खर्च उठाया और बेटी ने मेहनत व लगन के दम पर सफलता हासिल कर परिवार का नाम रोशन कर दिया। फतेहपुर शेखावाटी के वार्ड नंबर 48 स्थित अम्बेडकर नगर निवासी मनीषा महिचा पुत्री भागीरथमल महिचा के तहसीलदार बनने पर परिवार और मोहल्ले में खुशी का माहौल है।
तहसीलदार बनने के बाद मनीषा जब अपने घर पहुंचीं तो परिवार, रिश्तेदारों और मोहल्लेवासियों ने उनका स्वागत कर बधाई दी। इस दौरान लोगों ने उनकी सफलता पर खुशी जताते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
मनीषा महिचा ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, परिवारजनों और गुरुजनों को दिया। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा के गुरु छोटेलाल महिचा सहित सभी शिक्षकों के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनकी सफलता में शिक्षकों के मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
आर्थिक तंगी के बावजूद नहीं छोड़ी पढ़ाई
मनीषा ने बताया कि पढ़ाई के दौरान परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर थी और कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद माता-पिता ने उनके सपनों को कमजोर नहीं पड़ने दिया। उन्होंने मजदूरी कर बेटी की पढ़ाई का खर्च उठाया और लगातार आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
मनीषा ने कहा कि आज वह जिस मुकाम पर पहुंची हैं, उसमें उनके माता-पिता की मेहनत सबसे बड़ी ताकत रही है। आर्थिक परिस्थितियां कठिन होने के बावजूद माता-पिता ने शिक्षा के महत्व को समझा और उन्हें पढ़ाई जारी रखने का पूरा अवसर दिया।
बोलीं- माता-पिता के सपने पूरे करने का करूंगी प्रयास
तहसीलदार बनने के बाद मनीषा ने कहा कि उनके माता-पिता और परिवार के कई सपने हैं, जिन्हें पूरा करने का वह प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा कि पद की जिम्मेदारियों को समझते हुए पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ कार्य करना उनका प्रयास रहेगा।
संघर्ष से सफलता तक की कहानी बनी प्रेरणा
मनीषा महिचा की सफलता आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के उन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है, जो कठिन परिस्थितियों के बावजूद शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ने का सपना देखते हैं। माता-पिता ने मजदूरी कर बेटी की पढ़ाई का रास्ता तैयार किया और मनीषा ने मेहनत व लगन से उस अवसर को सफलता में बदला।
अम्बेडकर नगर की बेटी के तहसीलदार बनने पर परिवार और मोहल्लेवासियों में गर्व का माहौल है। उनके घर पहुंचने पर बधाई देने वालों का सिलसिला जारी रहा। लोगों ने मनीषा को नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनकी सफलता को क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2426361


