ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से RAC हेड कॉन्स्टेबल हीरालाल खटाना का निधन
टोंक में RAC बटालियन में HM के पद पर थे कार्यरत राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : अनिल शर्मा
शिमला : टोंक में RAC बटालियन में HM के पद पर कार्यरत ग्राम दुधवा निवासी हेड कॉन्स्टेबल हीरालाल खटाना का रविवार रात ड्यूटी के दौरान अचानक हार्ट अटैक आने से निधन हो गया। अचानक तबीयत बिगड़ने पर साथी जवान उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके निधन की सूचना मिलते ही दुधवा गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
1991 में पुलिस सेवा में भर्ती हुए थे
हीरालाल खटाना वर्ष 1991 में टोंक में भर्ती हुए थे। वे वर्तमान में टोंक की RAC बटालियन में HM के पद पर कार्यरत थे। उनकी सेवानिवृत्ति वर्ष 2032 में होनी थी, लेकिन इससे पहले ही उनका आकस्मिक निधन हो गया। भतीजे धर्मवीर गुर्जर ने बताया कि हीरालाल खटाना करीब 15 दिन पहले ही छुट्टी काटकर ड्यूटी पर वापस गए थे। रविवार रात ड्यूटी के दौरान अचानक हार्ट अटैक आने से उनकी तबीयत बिगड़ गई। सहकर्मी उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मिलनसार स्वभाव के कारण हर किसी के दिल में थी जगह
ग्रामीणों ने बताया कि हीरालाल खटाना बेहद मिलनसार, सरल और समाजसेवी स्वभाव के व्यक्ति थे। जब भी वे छुट्टी पर गांव आते थे तो छोटे-बड़े सभी लोगों से आत्मीयता से मिलते थे। बच्चों के साथ भी वे काफी घुल-मिलकर रहते थे। गांव के लोगों को उनके छुट्टी पर आने का इंतजार रहता था। वे समाजसेवा के कार्यों में भी हमेशा आगे रहते थे। जरूरतमंद लोगों की मदद करने के साथ सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेते थे। उनके निधन की खबर से ग्रामीण भावुक नजर आए और लोगों ने उनके व्यवहार को याद करते हुए कहा कि उन्होंने एक मिलनसार और नेक इंसान को खो दिया।

पत्नी शकुंतला देवी सहित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
हीरालाल खटाना के निधन के बाद उनकी पत्नी शकुंतला देवी सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। उनके परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं तथा तीनों शादीशुदा हैं। दोनों बेटे वर्तमान में बेरोजगार हैं। निधन की सूचना मिलते ही रिश्तेदार, परिचित और बड़ी संख्या में ग्रामीण उनके घर पहुंचे। परिजनों को ढांढस बंधाया और दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
RAC जवानों ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर
28 सितंबर को दुधवा गांव में हीरालाल खटाना का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया गया। RAC बटालियन से पहुंचे जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया और पूरे सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी।
अंतिम संस्कार के दौरान माहौल बेहद गमगीन रहा। RAC के जवानों ने अपने साथी को अंतिम सलामी दी। उनके बड़े पुत्र राजवीर ने मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार की रस्म पूरी की।अंतिम संस्कार के दौरान प्रधान मनीषा गुर्जर, दुधवा सरपंच प्रतिनिधि मुंशीराम गुर्जर और युवा नेता धर्मवीर गुर्जर सहित अन्य लोगों ने पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर जगमाल सिंह, प्रताप सिंह, मनीराम, सुरेश कुमार, महेंद्र डॉक्टर, राजेंद्र प्रेसिडेंट, के.सी. कांवर, अनिल खटाना, सुनील गुर्जर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
गांव में शोक की लहर
हीरालाल खटाना के आकस्मिक निधन से दुधवा गांव सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने कहा कि हीरालाल खटाना ने लंबे समय तक पुलिस सेवा में अपनी सेवाएं दीं और अपने सरल, मिलनसार एवं सहयोगी व्यवहार के कारण लोगों के बीच अलग पहचान बनाई। उनके अचानक निधन से गांव ने एक ऐसे व्यक्ति को खो दिया, जो हर किसी के सुख-दुख में साथ खड़ा रहता था।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2413324


