[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

सिंघाना में कांग्रेस और निर्दलीयों का बराबर दबदबा


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
झुंझुनूंटॉप न्यूज़राजस्थानराज्यसिंघाना

सिंघाना में कांग्रेस और निर्दलीयों का बराबर दबदबा

35 में से कांग्रेस और निर्दलीयों ने 13-13 सीटें जीतीं, भाजपा को 9 वार्डों में जीत

सिंघाना : नगर पालिका चुनाव के 35 वार्डों के परिणाम घोषित हो गए हैं। मतदाताओं ने किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं दिया। कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशियों ने 13-13 वार्डों में जीत दर्ज की, जबकि भाजपा के खाते में 9 सीटें आईं। बोर्ड गठन के लिए 18 पार्षदों का बहुमत जरूरी है। ऐसे में पालिका अध्यक्ष के चुनाव में निर्दलीय पार्षदों की भूमिका निर्णायक रहने की संभावना है।

कांग्रेस की बड़ी जीत वार्ड 22 में धर्म पाल ने दर्ज की, जिन्होंने भाजपा के राजेन्द्र कुमार को 241 मतों से हराया। वार्ड 5 में निर्दलीय प्रमेन्द्र कुमार ने तरसेम लाल को 221 मतों से पराजित किया। भाजपा की ओर से वार्ड 33 में कृष्णा देवी ने कांग्रेस की सुनहरी देवी को 217 मतों के बड़े अंतर से हराया।

दो से सात मतों तक रहा अंतर

कई वार्डों में मुकाबला बेहद करीबी रहा। वार्ड 9 में निर्दलीय संतोष ने भाजपा की सुशीला देवी को महज 2 मतों से हराया। वार्ड 18 में कांग्रेस के इस्लाम अली ने निर्दलीय इन्दु खां को 3 मतों से शिकस्त दी। वार्ड 7 में निर्दलीय विनोद कुमार ने भाजपा की कमलेश देवी को 4 मतों से, वार्ड 8 में निर्दलीय सरोज ने कौशल्या सैनी को 5 मतों से तथा वार्ड 12 में निर्दलीय रचना पूनिया ने नरेन्द्र को 6 मतों से हराया।

अध्यक्ष पद का गणित निर्दलीयों पर टिका

कांग्रेस और निर्दलीयों के पास समान 13-13 सीटें हैं, जबकि भाजपा 9 सीटों के साथ तीसरे स्थान पर है। किसी भी दल के पास बहुमत नहीं होने से अध्यक्ष पद के लिए राजनीतिक समीकरण दिलचस्प हो गए हैं। ऐसे में निर्दलीय पार्षदों का समर्थन जिस पक्ष को मिलेगा, बोर्ड गठन में उसका पलड़ा भारी हो सकता है।

Related Articles