[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

शिक्षक दिवस पर 26 साल पुरानी बाइक की अनोखी गुरु दक्षिणा, स्टाफ ने ढूंढकर प्रबंध निदेशक को की भेंट


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
टॉप न्यूज़नीमकाथानाराजस्थानराज्यसीकर

शिक्षक दिवस पर 26 साल पुरानी बाइक की अनोखी गुरु दक्षिणा, स्टाफ ने ढूंढकर प्रबंध निदेशक को की भेंट

शिक्षक दिवस पर 26 साल पुरानी बाइक की अनोखी गुरु दक्षिणा, स्टाफ ने ढूंढकर प्रबंध निदेशक को की भेंट

जनमानस शेखावाटी सवांददाता : नैना शेखावत

नीमकाथाना : शिक्षक दिवस पर नीमकाथाना में गुरु-शिष्य के रिश्ते से जुड़ा एक अनोखा और भावुक कर देने वाला मामला सामने आया। एक शिक्षण संस्थान के स्टाफ ने अपने प्रबंध निदेशक सुरेश रोहिला को उनकी करीब 26 साल पुरानी बजाज बॉक्सर मोटरसाइकिल ढूंढकर गुरु दक्षिणा के रूप में भेंट की।

सुरेश रोहिला ने वर्ष 2000 में करीब 29 हजार रुपये में यह मोटरसाइकिल खरीदी थी। संस्थान के शुरुआती दौर में यह बाइक उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण साधन रही। संस्थान से जुड़े विभिन्न कार्यों के साथ-साथ जिस जमीन पर आज संस्थान का परिसर संचालित हो रहा है, उसे रीको सीकर से खरीदने की प्रक्रिया के दौरान भी इसी मोटरसाइकिल से आवागमन और जरूरी काम किए गए थे।

2009 में ड्राइवर को दी, फिर कई हाथों से होती हुई बिक गई

समय बीतने के साथ वर्ष 2009 में सुरेश रोहिला ने यह मोटरसाइकिल अपने ड्राइवर को दे दी। इसके बाद बाइक कई लोगों के हाथों से होती हुई आगे बिकती चली गई। समय के साथ मोटरसाइकिल का नंबर भी याद नहीं रहा, जिससे उसे दोबारा तलाशना बेहद मुश्किल हो गया। करीब दो महीने पहले सफाई के दौरान एक पुरानी डायरी में मोटरसाइकिल का नंबर मिल गया। नंबर सामने आते ही स्टाफ ने बाइक की तलाश फिर शुरू कर दी। करीब दो वर्षों से चल रहे प्रयासों के बाद पता चला कि मोटरसाइकिल हनुमानगढ़ जिले के पीलीबंगा में है।

पीलीबंगा पहुंचकर वापस खरीदी बाइक

स्टाफ के सदस्य पीलीबंगा पहुंचे और बाइक के वर्तमान मालिक से मोटरसाइकिल वापस खरीद ली। शिक्षक दिवस के अवसर पर जब 26 साल पुरानी वही बाइक सुरेश रोहिला के सामने लाई गई तो माहौल भावुक हो गया। पुरानी बाइक को देखकर संस्थान के शुरुआती दौर से जुड़ी यादें फिर ताजा हो गईं।

वर्तमान मालिक को भी दिया सम्मान

इस पहल की खास बात यह रही कि स्टाफ ने पुरानी मोटरसाइकिल वापस खरीदने के साथ उसके वर्तमान मालिक का भी सम्मान किया। उन्हें करीब एक लाख रुपये कीमत की नई मोटरसाइकिल दिलाई गई। इस तरह स्टाफ ने एक ओर जहां संस्थान से जुड़ी पुरानी यादों को वापस हासिल किया, वहीं वर्तमान मालिक के प्रति भी सम्मान का भाव दिखाया।

अनोखी गुरु दक्षिणा बनी चर्चा का विषय

शिक्षक दिवस पर स्टाफ की यह पहल अनोखी गुरु दक्षिणा के रूप में चर्चा में है। 26 साल पुरानी मोटरसाइकिल से जुड़ी संस्थान की शुरुआती यात्रा और यादों को तलाशकर वापस लाने के इस प्रयास ने गुरु-शिष्य के रिश्ते में सम्मान और भावनात्मक जुड़ाव की मिसाल पेश की।

Related Articles