मेहाड़ा में गोगाजी मेले का शुभारंभ, दंगल में संजय जेलाफ ने बिना लड़े जीती 1.21 लाख की कुश्ती
मेहाड़ा में गोगाजी मेले का शुभारंभ, दंगल में संजय जेलाफ ने बिना लड़े जीती 1.21 लाख की कुश्ती
खेतड़ी : मेहाड़ा स्थित प्रसिद्ध गोगाजी धाम में शनिवार को तीन दिवसीय वार्षिक गोगाजी मेले का शुभारंभ हुआ। भगत कुलदीप पुजारी के सानिध्य में अखंड ज्योत प्रज्वलित कर मेले की शुरुआत की गई। पहले ही दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु गोगाजी महाराज के दर्शन के लिए पहुंचे और नारियल व प्रसाद चढ़ाकर परिवार की सुख-समृद्धि तथा क्षेत्र में अमन-चैन की कामना की।
सुबह से ही मेले में श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई थी। मेहाड़ा जाटूवास, मेहाड़ा गुर्जरवास, गोरीर, दूधवा, शिमला, बसई, टीबा, रामपुरा, त्यौन्दा, ठाठवाड़ी, मुकुन्दपुरा, दलोता, सिहोड़ और जमालपुर सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। हरियाणा से भी श्रद्धालु मेले में शामिल हुए।
मेले में विभिन्न प्रकार की दुकानें, झूले और मिट्टी के बर्तनों की दुकानें सजाई गई हैं। महिलाओं और बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला और उन्होंने मेले में जमकर खरीदारी की।

दंगल में संजय जेलाफ ने बिना लड़े जीती 1.21 लाख की कुश्ती
मेले के पहले दिन मेहाड़ा गुर्जरवास की ओर से कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। दंगल में विभिन्न क्षेत्रों से आए पहलवानों ने अपने दांव-पेच आजमाए। 1 लाख 21 हजार रुपये की कुश्ती में संजय जेलाफ को बिना मुकाबले के विजेता घोषित किया गया, क्योंकि उनके सामने कोई पहलवान मुकाबले के लिए नहीं आया।
दंगल देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु मौजूद रहे। कार्यक्रम में खेतड़ी विधायक इंजीनियर धर्मपाल गुर्जर, खेतड़ी प्रधान मनीषा गुर्जर, होशियार सिंह चौधरी, कन्हैया लाल टीबा और पूर्व प्रधान मदनलाल गुर्जर सहित हजारों लोग उपस्थित रहे।
CCTV से निगरानी, पुलिस-आरएसी तैनात
मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। वाहनों की पार्किंग मेले से दूर रखी गई है, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु बनी रहे।
मेले में लगाए गए CCTV कैमरों के माध्यम से निगरानी की जा रही है। थानाधिकारी राम नारायण चोयल के नेतृत्व में पुलिस बल और आरएसी के जवान तैनात किए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से मेले में शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2356936

