[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

देशभक्ति के जज्बे और उत्साह के साथ चूरू में निकली तिरंगा यात्रा


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
चूरूटॉप न्यूज़राजस्थानराज्य

देशभक्ति के जज्बे और उत्साह के साथ चूरू में निकली तिरंगा यात्रा

भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से गूंजा शहर, जगह-जगह पुष्पवर्षा कर हुआ स्वागत

जनमानस शेखावाटी सवांददाता : मोहम्मद अली पठान

चूरू : हर घर तिरंगा अभियान के तहत गुरुवार को चूरू जिला मुख्यालय पर भाजपा युवा मोर्चा एवं भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से तिरंगा यात्रा निकाली गई। देशभक्ति के जज्बे और उत्साह से सराबोर इस यात्रा में आमजन, जनप्रतिनिधियों, युवाओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

तिरंगा यात्रा को विधायक हरलाल सहारण, भाजपा जिलाध्यक्ष बसंत शर्मा, भाजयुमो प्रदेश महामंत्री आदित्य पुजारी, एससी मोर्चा प्रदेश मंत्री सीताराम लुगरिया और भाजयुमो जिलाध्यक्ष मदन गोपाल बालन ने इंद्रमणि पार्क से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा के दौरान हाथों में तिरंगा लिए लोगों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष लगाए, जिससे पूरा शहर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।

पैदल, साइकिल और बाइक पर शामिल हुए लोग

इंद्रमणि पार्क से शुरू हुई तिरंगा यात्रा मुख्य बाजार से होते हुए बगला ग्राउंड पहुंची। यात्रा में लोग पैदल, साइकिल और बाइक के साथ शामिल हुए। हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों के बीच युवाओं में खासा उत्साह नजर आया। यात्रा का जगह-जगह व्यापारियों और आमजन ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। लोगों ने तिरंगा यात्रा में शामिल प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया और राष्ट्रभक्ति के इस आयोजन में अपनी भागीदारी निभाई।

चूरू की धरती का देशभक्ति से गौरवपूर्ण नाता: सहारण

विधायक हरलाल सहारण ने कहा कि चूरू की धरती का स्वतंत्रता संघर्ष और देशभक्ति की गौरवशाली परंपरा से गहरा संबंध रहा है। चूरू के लोगों ने आजादी के संघर्ष में अपना योगदान दिया और देशप्रेम की भावना को मजबूत किया। उन्होंने कहा कि आजादी से पहले ही आजादी के दीवानों ने चूरू के धर्मस्तूप पर 26 जनवरी 1930 को तिरंगा फहराकर राष्ट्रभक्ति की मिसाल कायम की थी। ऐसी गौरवशाली परंपरा वाली धरती पर देशभक्ति का उत्साह स्वाभाविक रूप से देखने को मिलता है। सहारण ने आमजन से हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने और अभियान के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में अधिक से अधिक भागीदारी करने की अपील की।

आने वाली पीढ़ी में देशभक्ति के संस्कार जरूरी: बसंत शर्मा

भाजपा जिलाध्यक्ष बसंत शर्मा ने कहा कि तिरंगा यात्रा “हम एक साथ हैं” की भावना के साथ आयोजित की गई। पैदल, साइकिल और बाइक से बड़ी संख्या में चूरूवासियों ने इसमें भाग लेकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशप्रेम का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य आने वाली पीढ़ी में देशभक्ति के संस्कार पैदा करना है। यात्रा के दौरान लोगों में देश के प्रति जज्बा और उत्साह देखते ही बन रहा था।

भाजयुमो जिलाध्यक्ष मदन गोपाल बालन ने यात्रा में शामिल हुए सभी लोगों का आभार जताया। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष भास्कर शर्मा, नरेंद्र काछवाल, सुरेश सारस्वत, धर्मेंद्र राकसिया, गोपाल बालाण सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और आमजन मौजूद रहे।

Related Articles