RUIDP फेज-5 में श्रीमाधोपुर में 10.08 करोड़ के विकास कार्य:सीवरेज-जल निकासी पर जोर, मंत्री खर्रा ने CHC को उप जिला अस्पताल बनाने का आश्वासन दिया
RUIDP फेज-5 में श्रीमाधोपुर में 10.08 करोड़ के विकास कार्य:सीवरेज-जल निकासी पर जोर, मंत्री खर्रा ने CHC को उप जिला अस्पताल बनाने का आश्वासन दिया
श्रीमाधोपुर : श्रीमाधोपुर की बजाज धर्मशाला में सोमवार को राजस्थान नगरीय आधारभूत ढांचा विकास परियोजना (RUIDP) के पांचवें चरण की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने के लिए एक संवाद कार्यशाला आयोजित की गई। नगरीय विकास एवं आवासन (UDH) मंत्री झाबर सिंह खर्रा इस कार्यशाला के मुख्य अतिथि थे। कार्यशाला में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और शहरवासियों से शहर की जरूरतों तथा प्रस्तावित विकास कार्यों पर सुझाव मांगे गए। इस दौरान सीवरेज, जल निकासी, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित प्रमुख समस्याओं पर भी चर्चा हुई।
श्रीमाधोपुर में कुल 10.08 करोड़ रुपए के विकास कार्य प्रस्तावित
RUIDP के अधिशासी अभियंता (XEN) ओमप्रकाश साहू ने पांचवें चरण के तहत प्रस्तावित कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि श्रीमाधोपुर में कुल 10.08 करोड़ रुपए के विकास कार्य प्रस्तावित हैं। इन कार्यों में अपशिष्ट जल एवं सीवरेज प्रबंधन पर 4.14 करोड़ रुपए, बाढ़ प्रबंधन एवं जल निकासी पर 1.36 करोड़ रुपए, नियंत्रण केंद्र, विरासत एवं पर्यटन से संबंधित कार्यों पर 1.09 करोड़ रुपए और ठोस कचरा प्रबंधन पर 2.08 करोड़ रुपए खर्च करने का प्रस्ताव शामिल है।
कार्यशाला में निवर्तमान पालिकाध्यक्ष हरिनारायण महंत, दिलीप शर्मा और निवर्तमान पार्षद मूलचंद कुमावत सहित कई लोगों ने शहर में जल निकासी और सीवरेज कार्यों में लापरवाही का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि बारिश के प्राकृतिक बहाव क्षेत्रों में सड़क का स्तर ऊंचा करने से पानी का बहाव रुक गया है। इसके परिणामस्वरूप, कई निचले इलाकों में लगातार जलभराव की समस्या बनी रहती है।

10 वर्षों से जलभराव की समस्या
वार्ड-11 में सरदार पटेल कॉलेज से एमजी कॉलेज जाने वाले रास्ते पर जल निकासी व्यवस्था न होने की शिकायत की गई। साथ ही, सीकर बाजार बाइपास से पहले गौरव पथ पर लगभग 10 वर्षों से जलभराव की समस्या और सीवरेज लाइन डालने के बाद पेचवर्क में लापरवाही का मुद्दा भी उठाया गया।
शहर में पेयजल आपूर्ति की समस्या भी सामने रखी गई, जिसमें बताया गया कि कई क्षेत्रों में आठ दिन में एक बार ही पानी आता है। शहरवासियों ने श्रीमाधोपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के लिए नए भवन, ऐतिहासिक बावड़ी के संरक्षण और नगर संस्थापक खुशालीराम बोहरा का स्मारक बनाने की मांग भी रखी।
सीवरेज अधिकारी को दिए निर्देश
शिकायतों पर मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने सीवरेज निर्माण कार्यकारी एजेंसी के JEN को फटकार लगाई और कार्य सुरक्षित तरीके से करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि CHC के नए भवन के लिए बाइपास रोड के नजदीक सरकारी जमीन उपलब्ध है। फाइल स्वायत्त शासन विभाग को भेजकर स्वीकृति ली जाएगी। मंत्री ने बजट 2027-28 में श्रीमाधोपुर CHC को उप जिला अस्पताल में क्रमोन्नत कराने और नए भवन के निर्माण की वित्तीय स्वीकृति दिलाने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम का संचालन निवर्तमान पार्षद श्रवण आचार्य ने किया। इस दौरान एसडीएम अनिल कुमार, नगरपालिका ईओ डॉ. अशोक कुमार, भाजपा जिला मंत्री अजय सिंह खर्रा, जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और शहरवासी मौजूद रहे।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19




Total views : 2306295


