सुजानगढ़ के जनाना अस्पताल में महिला पर गिरा छत का प्लास्टर, सिर में आए दो टांके; जर्जर भवन पर उठे सवाल
सुजानगढ़ के जनाना अस्पताल में महिला पर गिरा छत का प्लास्टर, सिर में आए दो टांके; जर्जर भवन पर उठे सवाल
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : गजराज शर्मा
सुजानगढ़ : चूरू जिले के सुजानगढ़ स्थित दुर्गादत्त फतेहपुरिया राजकीय मातृ एवं शिशु अस्पताल (जनाना अस्पताल) में बुधवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया। अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार के बरामदे की जर्जर छत का प्लास्टर अचानक गिरने से एक महिला घायल हो गई। महिला के सिर में गंभीर चोट आने पर दो टांके लगाने पड़े।
जानकारी के अनुसार घटना बुधवार दोपहर करीब 1:18 बजे की है। किरण मेघवाल (25), निवासी गुलेरिया (सुजानगढ़) अस्पताल से बाहर निकल रही थीं। जैसे ही वह मुख्य गेट के बरामदे में पहुंचीं, छत का प्लास्टर सीमेंट सहित भरभराकर उनके ऊपर गिर गया। हादसे में उनके सिर पर चोट लगी।
घटना के तुरंत बाद अस्पताल में मौजूद लोगों और सिक्योरिटी गार्ड ने महिला को संभालकर अस्पताल के अंदर पहुंचाया। एहतियात के तौर पर मुख्य गेट भी बंद कर दिया गया। प्राथमिक उपचार के बाद महिला के सिर में दो टांके लगाए गए। उपचार के बाद वह अपने घर चली गई। बताया जा रहा है कि महिला अस्पताल के पास स्थित एक मेडिकल स्टोर पर कार्यरत है।

पहले भी जर्जर होने की दी गई थी सूचना
अस्पताल प्रभारी डॉ. बंशीधर ने बताया कि बारिश के कारण भवन के कई हिस्सों में सीलन आ गई है और बरामदे सहित कई स्थानों को पहले ही खतरनाक घोषित कर संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका था। उन्होंने बताया कि 4 अगस्त को भी सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) को पत्र लिखकर भवन की जर्जर स्थिति से अवगत कराया गया था।
अस्पताल के कई हिस्सों में बना हुआ है खतरा
अस्पताल के रूम नंबर-1, टीकाकरण कक्ष सहित कई स्थानों पर छत में सीलन और प्लास्टर झड़ने की समस्या बनी हुई है। रूम नंबर-1 की छत का एक बड़ा हिस्सा पहले भी गिर चुका है। इसके बावजूद भवन में मरीजों और स्टाफ की आवाजाही जारी है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
घटना के बाद अस्पताल की जर्जर इमारत को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने भवन की तत्काल मरम्मत करवाकर मरीजों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।




देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2296901

