अभिभाषक संघ के संघर्ष की बड़ी जीत, गुढ़ागौड़जी की राजस्व पत्रावलियों का अधिकार अब उदयपुरवाटी SDM को
दिसंबर से चल रहा आंदोलन रंग लाया; फैसले से वकीलों और जनता में खुशी की लहर, डीजे पर डांस कर बांटी मिठाइयां
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : कैलाश बबेरवाल
उदयपुरवाटी : कस्बे की जयपुर रोड़ पर स्थित उपखंड कार्यालय परिसर में अभिभाषक संघ द्वारा आमजन एवं वकीलों के हित में लंबे समय से उठाई जा रही जायज मांग को आखिरकार राज्य सरकार ने स्वीकार कर लिया है। सरकार ने आदेश जारी कर तहसील गुढ़ा गौड़जी की राजस्व पत्रावलियों की सुनवाई का क्षेत्राधिकार अब झुंझुनू के बजाय उपखंड अधिकारी उदयपुरवाटी को स्थानांतरित कर दिया है। इस फैसले की खबर मिलते ही अभिभाषक संघ और स्थानीय जनता में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
क्या था मामला और क्यों हुआ आंदोलन..?
बार संघ अध्यक्ष एडवोकेट श्रवण कुमार सैनी के अनुसार पूर्व में जिला नीमकाथाना गठन के समय तहसील गुढ़ा गौड़जी की राजस्व पत्रावलियों का क्षेत्राधिकार उपखंड अधिकारी झुंझुनू को सौंप दिया गया था। नीमकाथाना जिला पुनर्गठन/समाप्त होने के पश्चात् सरकारी नियमानुसार यह क्षेत्राधिकार उपखंड उदयपुरवाटी को मिलना तय था। परंतु किन्हीं प्रशासनिक कारणों से यह मामला झुंझुनू ही अटका रहा, जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों और अधिवक्ताओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इस विसंगति को दूर करने के लिए अभिभाषक संघ गत दिसंबर माह से ही निरंतर आंदोलनरत था।
प्रभारी मंत्री और जनप्रतिनिधियों का मिला मजबूत साथ
अभिभाषक संघ ने अपनी इस मांग को मजबूती के साथ शासन और प्रशासन तक पहुँचाया। वकीलों के इस संघर्ष में ज़िले के प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत, राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेडम, पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी एवं उच्च अधिकारियों की अहम भूमिका रही।
इन सभी ने जनहित और वकीलों के तर्कों को जायज मानते हुए राज्य सरकार के समक्ष विषय को प्राथमिकता से रखा, जिसके सुखद परिणामस्वरूप सरकार ने शुक्रवार को उदयपुरवाटी के पक्ष में यह ऐतिहासिक आदेश जारी कर दिया।
अदालत परिसर में गूंजे जयकारे, जमकर मनाया जश्न
मांग पूरी होने और आदेश जारी होने की सूचना जैसे ही न्यायालय परिसर पहुँची, अधिवक्ताओं की खुशी का ठिकाना न रहा। अभिभाषक संघ के सदस्यों ने डीजे की धुन पर नाचकर अपनी खुशी जाहिर की। एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी। परिसर में स्थित भगवान बजरंगबली को पुष्पमाला एवं प्रसाद अर्पित किया। अभिभाषक संघ ने इस जनहितैषी निर्णय के लिए प्रभारी मंत्री, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों का सहृदय से आभार व्यक्त किया। इस दौरान सभी अधिवक्ता मौजूद रहे।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2289413


