[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

रीट पेपर लीक मामले पर झुंझुनूं में विरोध प्रदर्शन, गृह मंत्री अमित शाह का पुतला दहन


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
झुंझुनूंटॉप न्यूज़राजस्थानराज्य

रीट पेपर लीक मामले पर झुंझुनूं में विरोध प्रदर्शन, गृह मंत्री अमित शाह का पुतला दहन

रीट पेपर लीक मामले पर झुंझुनूं में विरोध प्रदर्शन, गृह मंत्री अमित शाह का पुतला दहन

झुंझुनूं : रीट/नीट परीक्षा व्यवस्था और कथित पेपर लीक प्रकरण को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में सोमवार को झुंझुनूं जिला कलेक्ट्रेट के सामने विभिन्न किसान, छात्र एवं सामाजिक संगठनों ने धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने संसद की ओर कूच कर रहे छात्रों पर कथित लाठीचार्ज और आंसू गैस छोड़े जाने की निंदा करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा विरोध स्वरूप गृह मंत्री अमित शाह का पुतला दहन किया।

धरने की अध्यक्षता क्रांतिकारी किसान यूनियन के संयोजक पोकर सिंह झाझड़िया ने की। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार, परीक्षा प्रणाली की खामियों और छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ के विरोध में बड़ी संख्या में छात्र-युवा शांतिपूर्ण तरीके से संसद मार्च के लिए एकत्र हुए थे, लेकिन उन पर पुलिस ने बल प्रयोग किया। उन्होंने इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया।

वक्ताओं ने कहा कि पिछले एक माह से छात्र और विभिन्न जनसंगठन जंतर-मंतर पर शिक्षा व्यवस्था में सुधार, पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच और शिक्षा के व्यवसायीकरण के विरोध में शांतिपूर्ण धरना एवं भूख हड़ताल कर रहे थे। उनका आरोप है कि सरकार ने उनकी मांगों पर संवाद करने के बजाय दमनात्मक कार्रवाई की।

प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार से छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार कर शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा आंदोलन के दौरान घायल और गिरफ्तार हुए छात्रों के साथ न्याय करने की मांग की।

इस अवसर पर शहीद भगतसिंह विचार मंच के संयोजक बजरंग लाल एडवोकेट, फूलचंद बुडानिया, महेंद्र चारावास, धर्मपाल बंशीवाल, इमरान बड़गूजर, कै. मोहनलाल, यूनुस अली भाटी, धर्मपाल डारा, बनवारीलाल जाट, अशोक मांजू, रामनारायण सिंह झाझड़िया, दयाचंद चाहर, जगमाल सिंह, रणधीर सिंह सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles