खबर का असर : खेतड़ीनगर में विकास की नई तस्वीर, 30 लाख की लागत से सीवरेज निर्माण कार्य शुरू
खबर का असर : खेतड़ीनगर में विकास की नई तस्वीर, 30 लाख की लागत से सीवरेज निर्माण कार्य शुरू
खेतड़ीनगर : आमजन की समस्या को प्रमुखता से उठाने के बाद आखिरकार प्रशासन हरकत में आ गया। “स्कूल व आवासीय क्वार्टरों के आगे बरसाती पानी की निकासी की मांग” शीर्षक से प्रकाशित खबर के बाद गोठड़ा कॉपर ग्राम पंचायत क्षेत्र में लंबे समय से लंबित जल निकासी समस्या के समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। सोफिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल से जगदंबा मार्केट और डबल रोड कॉपर तक लगभग 30 लाख रुपये की लागत से सीवरेज लाइन निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है।
यह मार्ग वर्षों से बरसात के दिनों में जलभराव की गंभीर समस्या से जूझ रहा था। हल्की बारिश में भी सड़क पर तीन से चार फीट तक पानी भर जाता था, जिससे सोफिया स्कूल के करीब 1200 से अधिक विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ती थी। दोपहिया वाहन फिसलने और राहगीरों के गिरने की घटनाएं भी आम हो गई थीं।

स्थायी समाधान की दिशा में पहल
ग्राम पंचायत ने इस बार केवल सड़क निर्माण तक सीमित रहने के बजाय पहले जल निकासी की स्थायी व्यवस्था पर ध्यान दिया है। सड़क निर्माण से पहले भूमिगत सीवरेज पाइप लाइन डाली जा रही है, जिससे बरसाती पानी का उचित निकास हो सके। इसके बाद पूरे मार्ग पर इंटरलॉक सड़क का निर्माण कराया जाएगा, ताकि भविष्य में जलभराव की समस्या दोबारा उत्पन्न न हो।
हरिराम गुर्जर बोले- विकास गुणवत्ता के साथ होना चाहिए
सरपंच प्रतिनिधि हरिराम गुर्जर ने बताया कि किसी भी सड़क निर्माण से पहले पानी निकासी की व्यवस्था सबसे महत्वपूर्ण होती है। यदि ड्रेनेज की अनदेखी की जाए तो नई सड़क भी कुछ ही समय में खराब हो जाती है। इसी सोच के तहत पहले सीवरेज लाइन डाली जा रही है, ताकि लोगों को स्थायी राहत मिल सके।

उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत में पिछले पांच वर्षों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, नालियों को मुक्त कराने, पार्कों के सौंदर्यीकरण, ओपन जिम स्थापित करने, हजारों पौधे लगाने, श्मशान घाटों के विकास, राजकीय विद्यालयों के सुदृढ़ीकरण तथा स्वच्छ वातावरण तैयार करने जैसे कई विकास कार्य कराए गए हैं। पंचायत का प्रयास है कि विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि आमजन को वर्षों तक उनका लाभ मिले।

ग्रामीणों ने जताई खुशी
स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी जताते हुए कहा कि वर्षों से इस सड़क की बदहाल स्थिति के कारण बच्चों और आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। बरसात में स्कूल तक पहुंचना मुश्किल हो जाता था और सड़क तालाब का रूप ले लेती थी। अब सीवरेज लाइन बनने और इंटरलॉक सड़क तैयार होने से समस्या का स्थायी समाधान होगा।
ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि यहां विकास कार्य गुणवत्ता और दूरदर्शिता के साथ किए जा रहे हैं। उनका कहना है कि जल निकासी की व्यवस्था पहले करने से सड़क लंबे समय तक सुरक्षित रहेगी और लोगों को बार-बार परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
ग्रामीणों ने मीडिया की सक्रिय भूमिका की भी सराहना करते हुए कहा कि जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाए जाने के कारण ही प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य शुरू कराया है। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि कार्य निर्धारित समय में पूरा होकर लोगों को राहत देगा।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19







Total views : 2259009


