यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने सीकर में करोड़ों के विकास कार्यों का किया शिलान्यास-लोकार्पण, 84 पट्टों सहित योजनाओं के लाभ वितरित
एसटीपी जल पुनः उपयोग, सीवर लाइन और सड़क निर्माण कार्यों को मिली मंजूरी
सीकर : राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी शहरी सेवा शिविर-2026 के तहत शनिवार को नगर परिषद सीकर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) झाबर सिंह खर्रा ने शहर के लिए करोड़ों रुपए की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इस दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लाभान्वित करते हुए 84 पट्टों का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम में मंत्री खर्रा ने करीब 49.22 करोड़ रुपए की लागत से एसटीपी के शोधित जल का तृतीय शोधन कर कृषि कार्यों में उपयोग की परियोजना, 7.54 करोड़ रुपए की लागत से योजना नगर से एक्सीलेंस कॉलेज के पीछे स्थित एसटीपी तक सीवर लाइन निर्माण तथा करीब 32.92 करोड़ रुपए की लागत से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सीसी, बीटी एवं इंटरलॉकिंग सड़कों के निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया।
इसके अलावा 1.05 करोड़ रुपए की लागत से राजकीय प्राथमिक विद्यालय शास्त्री नगर के नवीन भवन तथा करीब 26.42 करोड़ रुपए की लागत से विभिन्न क्षेत्रों में निर्मित सीसी, बीटी एवं इंटरलॉकिंग सड़कों का लोकार्पण भी किया गया। कार्यक्रम में “ए मॉडल का तंबाकू वेंडर लाइसेंसिंग” पुस्तक का विमोचन भी किया गया।

योजनाओं के लाभार्थियों को बांटे चेक
जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के चार लाभार्थियों को प्रथम किश्त के रूप में एक-एक लाख रुपए तथा पांच लाभार्थियों को 50-50 हजार रुपए के चेक वितरित किए गए। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत नौ लाभार्थियों को प्रथम किश्त के रूप में 15-15 हजार रुपए, तीन लाभार्थियों को द्वितीय किश्त के रूप में 25-25 हजार रुपए तथा दो लाभार्थियों को तृतीय किश्त के रूप में 50-50 हजार रुपए के चेक प्रदान किए गए। साथ ही एक भवन निर्माण स्वीकृति पत्र भी जारी किया गया।
मंत्री खर्रा ने नगर परिषद सीकर में चल रहे शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण कर आमजन से संवाद किया तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों से शिविर की प्रगति की जानकारी ली।

जनप्रतिनिधियों ने किया स्वागत
इस अवसर पर नगर परिषद के वरिष्ठ आयुक्त शशिकांत शर्मा ने मंत्री झाबर सिंह खर्रा का साफा, माला एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम में पूर्व सांसद सुमेधानंद सरस्वती, पूर्व विधायक रतन जलधारी, पूर्व यूआईटी चेयरमैन हरिराम रणवां, भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज बाटड़, भाजपा जिला उपाध्यक्ष नेमीचंद्र कुमावत, भाजपा नेता तेज प्रकाश सैनी, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष पवन मोदी, पूर्व नगर परिषद प्रतिपक्ष नेता अशोक चौधरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
मंत्री खर्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार शहरी क्षेत्रों के समग्र और संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है। शहरी सेवा शिविर-2026 का उद्देश्य आमजन को सरकारी सेवाएं एक ही स्थान पर त्वरित, पारदर्शी और सरल तरीके से उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि सीकर में शुरू किए गए विकास कार्य शहर की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करेंगे। विशेष रूप से एसटीपी के शोधित जल का पुनः उपयोग जल संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। सड़क और सीवर जैसी परियोजनाएं शहर के सुनियोजित विकास को गति देंगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना जैसी योजनाएं गरीब, श्रमिक, रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों एवं जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। सरकार का प्रयास है कि पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2230092

