[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

कायमखानी समाज की मजबूती ही दादा कायम खां को सच्ची श्रद्धांजलि: यूनुस खान


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
चूरूटॉप न्यूज़राजस्थानराज्य

कायमखानी समाज की मजबूती ही दादा कायम खां को सच्ची श्रद्धांजलि: यूनुस खान

ददरेवा में 607वें यौमे-शहादत पर प्रदेश स्तरीय समारोह, वीर चक्र विजेताओं, इतिहासकारों और समाजसेवियों का सम्मान

जनमानस शेखावाटी सवांददाता : मोहम्मद अली पठान 

ददरेवा (चूरू)। दादा कायम खां की जन्मस्थली ददरेवा में रविवार को दादा कायम खां स्मृति अनुसंधान एवं विकास संस्था तथा जिला कायमखानी सभा चूरू के संयुक्त तत्वावधान में 607वें यौमे-शहादत पर दुआ-ए-मगफिरत एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजस्थान सहित देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ कुरान शरीफ की तिलावत से हुआ। इसके बाद दादा कायम खां की मगफिरत, कौम की तरक्की और देश की खुशहाली के लिए विशेष दुआ की गई।

वीर चक्र विजेताओं और विशिष्ट लोगों का सम्मान

समारोह में भारत-पाक युद्ध में अदम्य साहस का परिचय देने वाले वीर चक्र विजेता सैनिकों एवं उनके परिजनों का सम्मान किया गया। सम्मानित होने वालों में वीर चक्र विजेता सरदार खां गौराण, कप्तान मोहम्मद अयूब, महमूद हसन खां, रफीक खां (बीकानेर) तथा ग्रेनेडियर मुराद खां पहाड़ियान और उनके परिवारजन शामिल रहे। इसके अलावा पूर्व आईएएस अधिकारियों, साहित्यकारों, इतिहासकारों, शिक्षाविदों तथा समाज के विकास में योगदान देने वाले समाजसेवियों को भी सम्मानित किया गया।

समाज की एकता और राष्ट्र सेवा ही पहचान

संस्था के अध्यक्ष सिकंदर खान ने स्वागत भाषण में कहा कि संस्था समाज के शैक्षिक, सामाजिक और आर्थिक विकास के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी। उन्होंने समाज के प्रत्येक व्यक्ति से विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। मुख्य वक्ता डीडवाना विधायक एवं पूर्व मंत्री यूनुस खान ने कहा कि कायमखानी समाज ज्ञान, शिक्षा, योग्यता और युवाशक्ति के बल पर निरंतर नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। समाज की पहचान राष्ट्रभक्ति, ईमानदारी, कर्मशीलता और सेवा भावना से है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सौहार्द और राष्ट्र निर्माण में कायमखानी समाज की भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रही है। समाज की मजबूती और युवाओं का उत्थान ही दादा कायम खां को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

मतभेद भुलाकर एक मंच पर आने का आह्वान

यूनुस खान ने समाज के लोगों से सभी मतभेद भुलाकर एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ददरेवा की ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित करने, समाज के युवाओं को आगे बढ़ाने और भावी पीढ़ी के बेहतर भविष्य के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।

चूरू में बनेगी दादा कायम खां सैनिक एकेडमी

कार्यक्रम के दौरान यूनुस खान ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि दादा कायम खां स्मृति अनुसंधान एवं विकास संस्था तथा जिला कायमखानी सभा के संयुक्त प्रयासों से कायमखानी छात्रावास, चूरू में “दादा कायम खां सैनिक एकेडमी” की स्थापना की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में दोनों संस्थाओं के बीच सहमति बन चुकी है। एकेडमी के माध्यम से युवाओं को सेना सहित विभिन्न सुरक्षा सेवाओं में भर्ती के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा।

सामाजिक सौहार्द का संदेश

समारोह सामाजिक समरसता और भाईचारे की मिसाल भी बना। कार्यक्रम में राजपूत समाज के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया और “दादा कायम खां अमर रहें” के नारों के साथ सामाजिक एकता का संदेश दिया। महावीर सिंह के नेतृत्व में राजपूत समाज के लोगों ने अतिथियों और समाजबंधुओं का स्वागत किया।

700 वर्ष पुरानी वंशावली का प्रदर्शन

कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण कायमखानी कौम के रावजी बाबूसिंह विरावत द्वारा लगभग 700 वर्ष पुरानी ऐतिहासिक शिजरा (वंशावली) का प्रदर्शन रहा। इस ऐतिहासिक दस्तावेज का अतिथियों एवं गणमान्य लोगों द्वारा विमोचन भी किया गया।

बड़ी संख्या में समाजबंधु रहे मौजूद

कार्यक्रम में दोनों संस्थाओं के पदाधिकारी, सदस्य, समाज के वरिष्ठजन, युवा वर्ग, शिक्षाविद, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न जिलों से आए समाजबंधुओं ने भाग लिया। समारोह का समापन दुआ और कौमी एकता के संदेश के साथ हुआ।

Related Articles