शराबी पति का खूनी खेल, पत्नी के सिर पर पत्थरों से ताबड़तोड़ हमला कर किया लहूलुहान
केड गांव की घटना, गंभीर हालत में महिला अस्पताल में भर्ती, सिर में आए 17 टांके, पीड़िता ने थाने पहुंच लगाई सुरक्षा की गुहार
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : कैलाश बबेरवाल
उदयपुरवाटी : विधानसभा क्षेत्र के गुढागौड़जी पुलिस थाना अंतर्गत केड में खारवालों की ढाणी में पारिवारिक हिंसा और क्रूरता का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक कलयुगी शराबी पति ने अपनी ही पत्नी पर पत्थरों से जानलेवा हमला कर उसे मौत के मुंह में धकेलने का प्रयास किया। हमले में गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया। जहाँ उसके सिर में गंभीर चोटों के कारण डॉक्टरों को 17 टांके लगाने पड़े। पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए थाने पहुंचकर आरोपी पति के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस को सौंपी गई लिखित रिपोर्ट में खारवालों की ढाणी निवासी 45 वर्षीय कलावती देवी पत्नी पप्पूराम कीर ने अपनी आपबीती सुनाई। पीड़िता ने बताया कि उसका पति पप्पूराम लंबे समय से अत्यधिक शराब पीने का आदी है। वह आए दिन घर में क्लेश करता है और उसके साथ गाली-गलौज व मारपीट करना उसकी आदत बन चुकी है।
प्रताड़ना और हैवानियत की सारी हदें बीती रात करीब 1:00 बजे पार हो गईं। आरोपी पप्पूराम पुत्र अमर सिंह भारी मात्रा में शराब का सेवन करके घर लौटा। उसने घर आते ही बिना किसी कारण और उकसावे के कलावती के साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी।
पत्थरों से किया ताबड़तोड़ वार, लहूलुहान होकर गिरी पत्नी
कलावती ने जब खुद को बचाने का प्रयास किया और विवाद बढ़ा, तो आरोपी ने आव देखा न ताव और पास ही पड़े पत्थरों से कलावती के सिर पर ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया। इस जानलेवा हमले में पीड़िता का सिर बुरी तरह फट गया और वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ी। चीख-पुकार सुनकर बीच-बचाव के बाद घायल महिला को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुँचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार महिला के सिर पर गहरे घाव थे, जिसके चलते उन्हें 17 टांके लगाने पड़े। फिलहाल महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।
आरोपी पति से है जान का खतरा, हो सख्त कार्रवाई लहूलुहान और घायल अवस्था में भी हौसला दिखाते हुए पीड़िता कलावती देवी ने गुढागौड़जी थाने पहुंचकर आरोपी पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी से उसकी जान को सख्त खतरा बना हुआ है। उसने पुलिस प्रशासन से अपने लिए सुरक्षा की मांग की है और आरोपी पति को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजने तथा सख्त कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच शुरू
मामले की गंभीरता को देखते हुए गुढागौड़जी थाना पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर आरोपी पप्पूराम कीर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल मुआयना करवाया है पुलिस ने मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को पकड़ने के लिए टीमें रवाना की जा रही हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19







Total views : 2198395


