[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

रामगढ़ के ‘सोने के खजाने’ की कहानी में फंसा दुकानदार:नकली झूमर थमाया, 5 लाख रुपए लेकर फरार हुए ठग; जांच में खुला राज


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
चूरूटॉप न्यूज़राजस्थानराज्य

रामगढ़ के ‘सोने के खजाने’ की कहानी में फंसा दुकानदार:नकली झूमर थमाया, 5 लाख रुपए लेकर फरार हुए ठग; जांच में खुला राज

रामगढ़ के ‘सोने के खजाने’ की कहानी में फंसा दुकानदार:नकली झूमर थमाया, 5 लाख रुपए लेकर फरार हुए ठग; जांच में खुला राज

चूरू : चूरू शहर में दो शातिर ठगों ने रामगढ़ की एक पुरानी हवेली से सोने का खजाना मिलने की झूठी कहानी सुनाकर एक जूता दुकानदार को अपने जाल में फंसा लिया। ठगों ने पहले झूमर का एक छोटा टुकड़ा जांच के लिए दिया, जो असली सोना निकला। भरोसा जीतने के बाद उन्होंने आधा किलो वजनी कथित सोने का झूमर मात्र 5 लाख रुपए में बेचने का सौदा कर लिया। रकम लेने के बाद आरोपी फरार हो गए। बाद में जांच में पूरा झूमर नकली निकला, जिसके बाद पीड़ित ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

दुकान पर हुई पहचान, फिर बढ़ाया भरोसा

ठगी का शिकार हुए नई सड़क स्थित जूता दुकान संचालक पवन कुमार ने रविवार शाम कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। ओम कॉलोनी निवासी पवन कुमार ने बताया कि करीब दस दिन पहले रामेश्वर नाम का एक व्यक्ति उनकी दुकान पर आया था। उसने खुद को पाली क्षेत्र का मजदूर बताया और जूते-चप्पल खरीदने के दौरान उनसे परिचय बढ़ाया। इसके बाद वह लगातार दुकान पर आने-जाने लगा और विश्वास कायम कर लिया।

पुरानी हवेली से सोना मिलने की सुनाई कहानी

कुछ दिनों बाद रामेश्वर अपने एक साथी के साथ दुकान पर पहुंचा। दोनों ने दावा किया कि वे रामगढ़ क्षेत्र में एक पुरानी हवेली को तोड़ने का काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि हवेली की दीवार के अंदर से उन्हें सोने का एक पुराना झूमर मिला है, जिसे वे पैसों की जरूरत के कारण बेचना चाहते हैं।

असली सोने के टुकड़े से जीता विश्वास

अपनी बात को सच साबित करने के लिए आरोपियों ने झूमर का एक छोटा हिस्सा पवन कुमार को दिया और उसकी जांच करवाने को कहा। जब पवन कुमार ने उस टुकड़े की सुनार से जांच करवाई तो वह असली सोना निकला। यही वह चाल थी, जिससे ठगों ने उनका पूरा भरोसा जीत लिया।

500 ग्राम झूमर दिखाकर किया सौदा

भरोसा बनने के बाद आरोपियों ने करीब 500 ग्राम वजनी पूरा झूमर दिखाया और कहा कि वे इसे बाजार भाव से काफी कम कीमत पर बेच रहे हैं। दोनों पक्षों के बीच 5 लाख रुपए में सौदा तय हो गया। पवन कुमार ने अलग-अलग समय पर पूरी रकम आरोपियों को दे दी।

जांच में खुला ठगी का राज

सौदा पूरा होने के बाद जब पवन कुमार ने झूमर का हिस्सा तुड़वाकर दोबारा सुनार से जांच करवाई, तो उनके होश उड़ गए। जांच में सामने आया कि केवल वही छोटा हिस्सा असली सोने का था, जो पहले परीक्षण के लिए दिया गया था। बाकी पूरा झूमर नकली निकला।

पुलिस ने शुरू की जांच

ठगी का पता चलते ही पवन कुमार ने कोतवाली थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Related Articles