बिसाऊ की अन्नपूर्णा रसोई में निरीक्षण के दौरान मिली कई खामियां, व्यवस्थाओं पर उठे सवाल
कम लाभार्थी, अव्यवस्था और फर्जी कूपन के आरोपों से घिरी रसोई, सुधार नहीं हुआ तो बंद होने की आशंका
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : लतीफ खान
बिसाऊ : कस्बे के पुराने नगरपालिका भवन में संचालित अन्नपूर्णा रसोई की व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। शनिवार दोपहर नगर पालिका के वरिष्ठ लिपिक खेम सिंह राठी द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में कई खामियां सामने आने के बाद रसोई संचालन को लेकर चिंता बढ़ गई है।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि रसोई में लाभार्थियों की संख्या बेहद कम रह गई है। सूत्रों के अनुसार प्रतिदिन 10 से भी कम कूपन कट रहे हैं, जबकि 100 से अधिक फर्जी कूपन काटे जाने के आरोप भी चर्चा में हैं। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन मामले ने रसोई संचालन की पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रसोई परिसर में अव्यवस्थाओं का आलम भी देखने को मिला। भोजन ग्रहण करने के लिए रखी गई टेबल-कुर्सियां अधिकांश समय खाली पड़ी रहती हैं। वहीं पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं होने से पानी की टंकियां खाली मिलीं और सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं पाई गई। परिसर के कई हिस्सों में गंदगी जमा होने की शिकायतें सामने आई हैं।
जानकारी के अनुसार वर्तमान में पूरी अन्नपूर्णा रसोई का संचालन केवल एक कर्मचारी के भरोसे किया जा रहा है। भोजन व्यवस्था को लेकर भी लाभार्थियों ने असंतोष जताते हुए आरोप लगाया कि निर्धारित मेन्यू के बजाय केवल एक सब्जी और रोटियां परोसी जा रही हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया तो रसोई की उपयोगिता प्रभावित होगी और इसके संचालन पर संकट गहरा सकता है। वहीं निरीक्षण के बाद अब नगर पालिका प्रशासन द्वारा व्यवस्थाओं में सुधार और शिकायतों की जांच को लेकर कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
नागरिकों ने प्रशासन से रसोई की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने, नियमित निगरानी रखने तथा कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है, ताकि जरूरतमंद लोगों को योजना का लाभ सुचारू रूप से मिल सके।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19







Total views : 2164985


