भाजपा का प्रबुद्ध वर्ग संवाद संपन्न
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत 2047 में बनेगा विकसित राष्ट्र – ओमप्रकाश बढ़ाना

जनमानस शेखावाटी संवाददाता : चंद्रकांत बंका
झुंझुनूं : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर भाजपा द्वारा आयोजित सेवा पखवाड़ा अभियान के अंतर्गत रीको क्षेत्र स्थित जिला कार्यालय में प्रबुद्ध वर्ग संवाद कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। इसकी अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष हर्षिनी कुलहरी ने की।
मुख्य वक्ता प्रदेश महामंत्री एवं देवनारायण बोर्ड अध्यक्ष ओमप्रकाश बढ़ाना ने कहा कि आज भारत रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भर हो चुका है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की राह पर तेजी से अग्रसर है। उन्होंने बताया कि अब देश 70 प्रतिशत से अधिक रक्षा उपकरण खुद बना रहा है और निर्यात भी कर रहा है।
अभियान की प्रदेश सह-संयोजक व पूर्व जिलाध्यक्ष इंदिरा चौधरी ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से हर वर्ग लाभान्वित हुआ है। महिला सशक्तिकरण, हर घर जल, किसान सम्मान निधि, चिरंजीवी योजना, आयुष्मान भारत, डिजिटल इंडिया, स्वच्छ भारत जैसे अभियानों ने भारत को आत्मनिर्भर बनाने में अहम योगदान दिया है।
जिलाध्यक्ष हर्षिनी कुलहरी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सेवा शिविरों में भाग लेकर आमजन की समस्याओं का समाधान करने में सहयोग करें। वहीं पूर्व कुलपति लोकेश सिंह शेखावत ने कार्यकर्ताओं से नकारात्मक नैरेटिव से बचने और सकारात्मक सोच के साथ कार्य करने की अपील की।
कार्यक्रम से पूर्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन पर आधारित सचित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर पूर्व सांसद नरेंद्र कुमार, पूर्व विधायक सुभाष पुनिया, रणवीर सिंह गुड़ा, सीकर प्रभारी दिनेश धाबाई, नगर मंडल अध्यक्ष कमलकांत शर्मा सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन मौजूद रहे।