खेतड़ी उपखंड के स्कूलों में लैब संचालन को मंजूरी:छह राजकीय विद्यालयों में 3.15 करोड़ रुपए की लागत से लैब बनेंगी
खेतड़ी उपखंड के स्कूलों में लैब संचालन को मंजूरी:छह राजकीय विद्यालयों में 3.15 करोड़ रुपए की लागत से लैब बनेंगी

खेतड़ी : राज्य सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में विज्ञान प्रयोगशालाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्कूलों में लैब संचालन के लिए स्वीकृति जारी की है। इसके तहत खेतड़ी उपखंड के छह राजकीय विद्यालयों में प्रयोगशालाएं स्थापित की जाएंगी।
3 करोड़ 15 लाख रुपए की राशि स्वीकृत
इन प्रयोगशालाओं के लिए राज्य सरकार द्वारा कुल 3 करोड़ 15 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। विधायक इंजी. धर्मपाल गुर्जर ने स्वीकृत राशि का विवरण देते हुए बताया कि चार विद्यालयों में भौतिकी, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान प्रयोगशालाओं के लिए प्रत्येक को 67.50 लाख रुपए आवंटित किए गए हैं।
इसी प्रकार, दो अन्य विद्यालयों में जीव विज्ञान प्रयोगशाला के उपकरणों के लिए प्रत्येक को 22.50 लाख रुपए की स्वीकृति मिली है। ये पहल विद्यार्थियों को विज्ञान और तकनीकी में उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा प्रदान करने में सहायक होगी।
विधायक इंजी. धर्मपाल गुर्जर ने जानकारी दी कि राउमावि बड़ाऊ, राउमावि सेफरागुवार, राउमावि रवां और राउमावि मेहाड़ा जाटूवास को प्रत्येक लैब के लिए 67.50 लाख रुपए स्वीकृत हुए हैं। वहीं, राउमावि टीबा बसई और राउमावि जसरापुर के लिए 22.50 लाख रुपए की राशि मंजूर की गई है। विधायक ने कहा कि क्षेत्र का विकास तभी संभव है जब वहां का युवा शिक्षित होगा। उन्होंने जोर दिया कि क्षेत्र के युवाओं को शिक्षा के लिए बाहर न जाना पड़े, इसी उद्देश्य से राज्य सरकार ने ये महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
बड़ाऊ के ग्रामीणों ने पूर्व सरपंच फतेहसिंह बड़ाऊ के नेतृत्व में राजकीय स्कूल की लैब के लिए 67.50 लाख रुपए स्वीकृत करवाने पर विधायक इंजी. धर्मपाल गुर्जर का आभार व्यक्त किया।