खाटूश्यामजी में महिलाओं को घेरकर चेन तोड़ रही गैंग, झुंड बनाकर घेरते हैं, फिर गिरोह में शामिल महिलाएं चेन तोड़ लेती हैं
खाटूश्यामजी में महिलाओं को घेरकर चेन तोड़ रही गैंग, झुंड बनाकर घेरते हैं, फिर गिरोह में शामिल महिलाएं चेन तोड़ लेती हैं

जनमानस शेखावाटी सवंददाता : नैना शेखावत
खाटूश्यामजी : सीकर के खाटूश्यामजी में एक गैंग सक्रिय है, जो भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं के गले से चेन तोड़ रही है। इस गैंग में महिलाएं भी शामिल हैं। रविवार को भीड़ के बीच तीन महिलाओं की चेन तोड़ ली गई। घटनाओं के सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं। इनमें महिलाएं चेन तोड़ती नजर आ रही है। महिलाओं के साथ कुछ युवक भी शामिल है, जो कुछ ही सेकेंड में वारदात करके वहां से फरार हो जाते हैं।
पहली वारदात: मंदिर द्वार के पास महिला की 30 ग्राम की चेन चोरी
पहली वारदात सोहना निवासी मालती देवी के साथ सुबह 9:15 बजे खाटूश्यामजी में मंदिर के गेट के बाहर सांवरिया मिष्ठान भंडार के नजदीक हुई। मालती देवी की 30 ग्राम सोने की चेन तोड़ ली गई। मालती देवी को इसका पता चल गया। उन्होंने अपना गला देखा तो चेन नहीं मिली। उन्होंने पास लगे सीसीटीवी फुटेज चेक किए। जिसे देखने पर पता चला कि उनके पास दो महिलाएं और तीन से चार युवक थे, जिन्होंने वहां रुककर भीड़ के बीच वारदात कर दी। पीछे खड़ी दूसरी महिला चेन तोड़कर साइड से फरार हो गई और युवक भी वहां से चले गए।
दूसरी वारदात: महिला की 20 ग्राम की चेन गायब
नजफगढ़ निवासी प्रीति सिंह के साथ भी चेन स्नेचिंग की वारदात हुई। उनकी भी 20 ग्राम सोने की चेन तोड़ ली गई। मामले में खाटूश्यामजी थानाधिकारी पवन कुमार चौबे का कहना है कि फिलहाल मुकदमा दर्ज करके अलग-अलग इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
तीसरी वारदात: कबूतर चौक के पास महिला की चेन चोरी
डीग इलाके की रहने वाली ममता शर्मा की भी चेन तोड़ ली गई। ममता ने पुलिस में शिकायत देकर बताया कि तीन अगस्त को वह खाटूश्यामजी में परिवार के साथ दर्शन करने के लिए आई थी। सुबह करीब 11:08 बजे लक्ष्मी मिष्ठान भंडार के पास कबूतर चौक के नजदीक उनकी चेन तोड़ ली गई। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज चेक किए। फुटेज देखने पर पता चला कि उनके पीछे एक महिला चल रही थी। उस महिला ने सिर पर दुपट्टा डाला हुआ था। भीड़ के बीच महिला ममता के नजदीक गई। वहां कपड़ा लगाकर ममता के गले से सोने की चेन तोड़ ली।
खाटूश्यामजी थानाधिकारी पवन कुमार चौबे ने बताया : रविवार और छुट्ट्टी का दिन होने के चलते काफी लोग दर्शन करने के लिए आए थे। भीड़ वाले एरिया जैसे मंदिर का एग्जिट,श्याम कुंड एरिया में एक गिरोह की ओर से अलग-अलग समय पर 3 चेन तोड़ने की वारदात की गई। फुटेज के आधार पर अब आरोपियों की तलाश की जा रही है।
अब देखिए मालती देवी की चेन टूटने का घटनाक्रम…




ममता की चेन टूटने का वीडियो
