[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

डोटासरा बोले- बेनीवाल के लिए सभी नेता बेकार:वो अपनी पार्टी के सुप्रीमो, मर्जी आए जिसे टिकट दें; बहन-बेटी को गाली दोगे तो बर्दाश्त नहीं


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
टॉप न्यूज़नागौरराजस्थानराज्य

डोटासरा बोले- बेनीवाल के लिए सभी नेता बेकार:वो अपनी पार्टी के सुप्रीमो, मर्जी आए जिसे टिकट दें; बहन-बेटी को गाली दोगे तो बर्दाश्त नहीं

डोटासरा बोले- बेनीवाल के लिए सभी नेता बेकार:वो अपनी पार्टी के सुप्रीमो, मर्जी आए जिसे टिकट दें; बहन-बेटी को गाली दोगे तो बर्दाश्त नहीं

नागौर : नागौर के खींवसर में विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस ने प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। शनिवार को पदमसर चौराहे पर कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. रतन चौधरी के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया।

डोटासरा ने कहा- हनुमान बेनीवाल का नाम लिए बिना कहा कि यहां एक सवाई सिंह चौधरी है, जो झुककर नमस्कार करते हैं। दूसरे के संस्कार ऐसे हैं कि हर बहन-बेटी को गाली दो, हर व्यक्ति को गाली दो। अरे आप अपनी पार्टी के सुप्रीमो हो, अपनी पार्टी में चाहे जो करो। अपनी पार्टी की रीति-नीति को आगे बढ़ाओ, मर्जी आए जिसको टिकटें दो। लेकिन हमारी बहन-बेटी को गाली दोगे तो बर्दाश्त नहीं होगी।

उन्होंने कहा- जब बेनीवाल से समझौता हुआ तो एक-एक कांग्रेसी ने घर-घर जाकर वोट मांगे। एक तेजपाल मिर्धा के लिए इन्होंने शिकायत की तो एक सेकेंड में बाहर का रास्ता दिखा दिया। वो हमारी ईमानदारी पर शक करते हैं। खुद कहते हो तो कि राजस्थान में समझौता नहीं है, फिर कांग्रेस ने टिकटें घोषित कर दीं तो कहते हैं कि गठबंधन तोड़ दिया। पता नहीं कौनसे कॉलेज-विद्यालय में पढ़े हुए हैं?

बेनीवाल सम्मानित सांसद, लेकिन कांग्रेस गिरवी नहीं

हनुमान बेनीवाल इंडी गठबंधन के सम्मानित सांसद हैं, लेकिन हम राजस्थान में कांग्रेस को गिरवी नहीं रखेंगे। कांग्रेस का कार्यकर्ता जिंदा रहना चाहिए। कांग्रेस के कार्यकर्ता का सम्मान रहना चाहिए। वो 6 महीने तक कहते रहे कि 4 लूंगा, 3 लूंगा, डेढ़ लूंगा, ढाई लूंगा तो मैंने कहा कि एक भी नहीं देंगे सीधा चुनाव लड़ो। आगामी पंचायतीराज और नगर निकायों में भी कोई गठबंधन नहीं होगा। कांग्रेस के लोग सारे चुनाव लड़ेंगे।

संसद में कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे

डोटासरा ने आगे कहा कि इंडी गठबंधन की जब बात आएगी तो संसद में कांग्रेस हनुमान बेनीवाल के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहेगी। लेकिन कार्यकर्ताओं को जलील नहीं होने देंगे। इन्होंने 2023 विधानसभा चुनाव में मेरे लक्ष्मणगढ़ में भी प्रत्याशी उतारा था, लेकिन वहां आरएलपी प्रत्याशी के नोटा से एक वोट कम आया था। वो कहते हैं कि जनता के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन इस उपचुनाव में हनुमान बेनीवाल खींवसर के लिए नहीं, सिर्फ अपने परिवार के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

डोटासरा ने तेजाजी महाराज और बाबा रामसापीर के जयकारे से भाषण की शुरुआत की। उन्होंने कहा- खींवसर में टिकट यहां की जनता के भावना के मुताबिक दिया गया है। जिन नेताओं ने नागौर की दुनिया में पहचान करवाई उनके खिलाफ अपशब्द बोलने वालों को ऊपरवाला देख रहा है। कल सतीश पूनियां के खींवसर को बांग्लादेश बताने वाले बयान की निंदा करता हूं।

बोले- सीएम काम नहीं करते, सिर्फ भाषण देते है

भाजपा वालों ने पर्ची से मुख्यमंत्री बना दिया, जबकि राजस्थान के तो गांवों में पंच-सरपंच तक वोट से बनते हैं। सरकार की कुर्सियों पर ऐसे लोगों को बैठा दिया, जो खुद के काम नहीं करवा सकते। वो जनता के क्या काम करवाएंगे? सीएम कोई काम करते नहीं सिर्फ भाषण देते हैं। सीएम से कोई मिलने आता है तो वो कहते हैं कि सीएमओ में मिलिए, सीएस से मिलो तो फिर उनको क्या हैलिकॉप्टर में झूले झूलने के लिए शासन दिया गया है?

ये कहते हैं कि सरकारी इंग्लिश मीडियम स्कूल बंद कर देंगे, क्यों काका का राज समझ रखा है क्या? रोजाना महिलाओं के साथ अत्याचार हो रहे हैं। इन उपचुनाव की सीटों से प्रदेश सरकार को कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है।

यूडीएच मंत्री अजमेर पहुंचे और सर्किट हाउस में बैठ गए। वहां भाजपा की विधायक ने कहा कि आपके डिपार्टमेंट का अधिकारी चोर, निकम्मा है, पैसे लेता है। अरे, डूब कर मर जाओ। आज भू माफिया, खनन माफिया और बजरी माफिया हावी हैं। सीएम को बोलने का ही होश नहीं है। पर्चियों से सीएम बनेंगे तो यही परिणाम होगा। गत कांग्रेस सरकार में राजस्थान की सभी विधानसभाओं में समान विकास कार्य हुए। सरकार की नाक में नकेल डालने के लिए खींवसर की सीट कांग्रेस को जिताना जरूरी है।

खरनाल में तेजाजी महाराज के मंदिर में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष का साफा पहनाकर स्वागत किया गया।
खरनाल में तेजाजी महाराज के मंदिर में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष का साफा पहनाकर स्वागत किया गया।

बेनीवाल के लिए सभी नेता बेकार

हनुमान बेनीवाल दूसरी बार के सांसद हैं, काफी बार विधायक रहे हैं। उन्हें भाषा को संस्कारित-मर्यादित रखनी चाहिए। लेकिन अपने छोटे राजनीतिक स्वार्थ के लिए किसी को भी मत दीजिए। हनुमान बेनीवाल के लिए सारे नेता ही बेकार हो गए। सबको गाली देकर आप ताली बजवा सकते हो, लेकिन ये हमारा संस्कार-संस्कृति नहीं है। वो दिव्या मदेरणा के लिए ऐसा अनर्गल बोले कि कोई भी शरमा जाए। मेरे खिलाफ जो भी बोलें, फर्क नहीं पड़ता।

सभा में कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. रतन चौधरी व उनके पति रिटायर्ड आईपीएस सवाई सिंह चौधरी ने भावुक होकर वोट की अपील की।

सभा से पूर्व डोटासरा ने खरनाल पहुंचकर वीर तेजाजी महाराज को धोक लगाई और दर्शन के बाद तेजाजी महाराज का जयकारा लगाया। उनके साथ नागौर कांग्रेस जिलाध्यक्ष मकराना विधायक जाकिर हुसैन गेसावत, पूर्व उप मुख्य सचेतक महेंद्र चौधरी, पीसीसी प्रदेश सचिव रघुवेंद्र मिर्धा, कार्यकारी जिलाध्यक्ष हनुमान बांगड़ा समेत कई कांग्रेसी जनप्रतिनिधि व पदाधिकारी भी पहुंचे। खरनाल में स्थानीय कांग्रेसी पदाधिकारियों ने डोटासरा का साफा पहनाकर स्वागत किया।

Related Articles

Mantratoto luwakpoker aladin66 tupaiwin rupiah89