कोटा : BSF Bravery: बीएसएफ जवानों का शौर्य प्रदर्शन, पलक झपकते आग का गोला किया पार, चलती बाइक पर बनाया पिरामिड
राजस्थान के कोटा जिले में स्थित महाराव उम्मेद सिंह स्टेडियम में बीएसएफ जवानों का शौर्य प्रदर्शन हुआ। इस दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। बीएसएफ महिला विंग सीमा भवानी ने शानदार प्रदर्शन किया।

कोटा : महाराव उम्मेद सिंह स्टेडियम में रविवार को उत्साह और उमंग चरम पर थे। एक ओर जहां सीमा सुरक्षा बल के जवान अपना हैरतअंगेज प्रदर्शन कर रहे थे। वहीं खचाखच भरे स्टेडियम में वंदे मातरम और भारत माता की जयकार करते दर्शक उनके जोश को नई ऊंचाइयां दे रहे थे। करीब दो घंटे के शो के दौरान पूरे समय सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने दर्शकों को बांध कर रखा।
नयापुरा स्थित महाराव उम्मेद सिंह स्टेडिय में सीमा सुरक्षा बल के शौर्य प्रदर्शन शो का आयोजन किया गया। इस शो का सबसे बड़ा आकर्षण सीमा सुरक्षा बल की महिला प्रहरी रहीं। सीमा भवानी के नाम से विश्वविख्यात इन महिला प्रहरियों ने मोटरसाइकिल पर सवार होकर एक के बाद एक ऐसे हैरतअंगेज स्टंट दिखाए कि लोग पलकें तक झपकाना भूल गए।