बीएसएफ जवान अभय सिंह शेखावत को नम आंखों से दी अंतिम विदाई
बड़ागांव में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार, बेटे ने पिता को किया सैल्यूट
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : मुकेश सिंह शेखावत
बड़ागांव : बड़ागांव निवासी सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के हैड कांस्टेबल अभय सिंह शेखावत का गुरुवार देर रात निधन हो गया। शुक्रवार को उनके पैतृक गांव बड़ागांव में पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। गांव में जैसे ही उनके निधन का समाचार पहुंचा, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। अंतिम दर्शन और अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, पूर्व सैनिकों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

अभय सिंह शेखावत का पार्थिव शरीर जयपुर से सेना के वाहन द्वारा उनके पैतृक गांव लाया गया। गांव पहुंचते ही लोगों ने पुष्प अर्पित कर अपने वीर सपूत को श्रद्धांजलि दी। उनके सम्मान में बड़ागांव कॉलेज बस स्टैंड से निवास स्थान तक युवाओं ने तिरंगा यात्रा निकाली। हाथों में तिरंगा लिए युवा भारत माता के जयकारों के साथ देशभक्ति का संदेश देते हुए अंतिम यात्रा में शामिल हुए।
घर पर अंतिम दर्शन और धार्मिक रीति-रिवाजों के बाद अंतिम यात्रा निकाली गई। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। श्मशान घाट पर बीएसएफ की ओर से सैन्य सम्मान दिया गया। जयपुर से आई बीएसएफ की टुकड़ी ने सब इंस्पेक्टर सौरभ भाटिया के नेतृत्व में गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत कर अपने साथी जवान को अंतिम विदाई दी।
बेटे ने पिता को किया अंतिम सैल्यूट
अंतिम संस्कार के दौरान भावुक कर देने वाला दृश्य तब देखने को मिला जब पुत्र रुद्र प्रताप सिंह ने अपने पिता को अंतिम सैल्यूट किया। इसके बाद उन्होंने मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार की रस्म पूरी की। उपस्थित लोगों की आंखें नम हो गईं। सैन्य परंपरा के अनुसार बीएसएफ के जवानों ने तिरंगा रुद्र प्रताप सिंह को सौंपा। इस दौरान हर आंख नम थी और माहौल गमगीन हो गया।
जनप्रतिनिधियों ने दी श्रद्धांजलि
इस अवसर पर पूर्व सांसद नरेन्द्र कुमार, पूर्व विधायक रणवीर सिंह गुढ़ा, पूर्व विधायक वीरेंद्र प्रताप सिंह, भाजपा जिला महामंत्री वीरपाल सिंह, जिला उपाध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह शेखावत, अजय भालोठिया, राजेंद्र प्रसाद सैनी, पूर्व सैनिक सुभाष चन्द्र खैरवा सहित अनेक गणमान्य लोगों ने पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने कहा कि अभय सिंह ने देश सेवा का जो उदाहरण प्रस्तुत किया है, वह युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
दो माह से चल रहा था इलाज
अभय सिंह के चाचा नरपत सिंह शेखावत ने बताया कि अभय सिंह पिछले करीब दो माह से कैंसर से पीड़ित थे। जयपुर स्थित महावीर अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। गुरुवार देर रात उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। अभय सिंह बीएसएफ में हैड कांस्टेबल पद पर कार्यरत थे तथा वर्तमान में त्रिपुरा में तैनात थे।
बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद
अंतिम संस्कार में एएसआई जगदीश प्रसाद, पूर्व तहसीलदार मंगलचंद सैनी, सुबेदार आजाद सिंह, सुरेंद्र शेखावत, महंत रविन्द्र पारीक, महीपाल महला, चंदू शर्मा, रणवीर सिंह, सुरेश सैनी, ज्ञान सिंह शेखावत, पटवारी राहुल कुमार, महीपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और पूर्व सैनिक मौजूद रहे।
परिवार में छोड़ गए गहरा शून्य
अभय सिंह अपने पीछे पत्नी हरकेश कंवर, पुत्र रुद्र प्रताप सिंह और पुत्री लक्षिता को छोड़ गए हैं। दोनों बच्चे वर्तमान में अध्ययनरत हैं। ग्रामीणों ने अभय सिंह के निधन को क्षेत्र की अपूरणीय क्षति बताते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।


हेड कांस्टेबल अभय सिंह शेखावत को उनके पैतृक गांव बड़ागांव में पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।

Related Articles
बबाई व गाडराटा में ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित, आबादी विस्तार प्रकरणों का निस्तारण, पट्टे वितरित
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19







Total views : 2239761
