[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

सरकारी अस्पताल में मिला मां जैसा अपनापन, जटिल ऑपरेशन के बाद महिला को मिली नई जिंदगी


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
चूरूटॉप न्यूज़राजस्थानराज्यसरदारशहर

सरकारी अस्पताल में मिला मां जैसा अपनापन, जटिल ऑपरेशन के बाद महिला को मिली नई जिंदगी

सरकारी अस्पताल में मिला मां जैसा अपनापन, जटिल ऑपरेशन के बाद महिला को मिली नई जिंदगी

सरदारशहर : सरकारी अस्पतालों को लेकर लोगों के मन में बनी धारणाओं के बीच सरदारशहर के राजकीय उप जिला अस्पताल से एक प्रेरणादायक उदाहरण सामने आया है। यहां महिला एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रिया शेखावत और उनकी टीम ने एक जटिल ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम देकर 45 वर्षीय महिला को नया जीवन दिया।

चौधरी कुआं निवासी गायत्री देवी जोशी लंबे समय से गर्भाशय में फाइब्रॉइड की गंभीर समस्या से पीड़ित थीं। अत्यधिक रक्तस्राव, लगातार पेट दर्द और अन्य स्त्री रोग संबंधी परेशानियों के कारण उनका दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा था। जांच के बाद डॉ. प्रिया शेखावत ने ऑपरेशन की सलाह दी।

महिला का वजन अधिक होने तथा गर्भाशय में फाइब्रॉइड का आकार बड़ा और स्थिति जटिल होने के कारण ऑपरेशन चुनौतीपूर्ण था। इसके बावजूद डॉ. प्रिया शेखावत एवं उनकी टीम ने सभी चिकित्सा मानकों का पालन करते हुए सफल सर्जरी कर मरीज को स्वस्थ किया।

ऑपरेशन के बाद गायत्री देवी ने भावुक होकर कहा, “अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान मुझे कभी ऐसा महसूस नहीं हुआ कि मैं अस्पताल में हूं। डॉ. प्रिया शेखावत ने मेरे साथ मां जैसा स्नेह और बेटी जैसी देखभाल की। आज मैं पूरी तरह स्वस्थ हूं और इसके लिए मैं डॉक्टर और उनकी पूरी टीम की दिल से आभारी हूं।”

डॉ. प्रिया शेखावत ने बताया कि ऑपरेशन के बाद मरीज की लगातार निगरानी की गई। स्वास्थ्य में संतोषजनक सुधार होने पर आवश्यक दवाइयों और चिकित्सकीय परामर्श के साथ उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

महिला की पुत्रवधू सौम्या शर्मा ने बताया कि उनकी सास लंबे समय से इस बीमारी से परेशान थीं। उन्होंने कहा, “राजकीय उप जिला अस्पताल में उनका ऑपरेशन पूरी तरह निशुल्क हुआ। अस्पताल की व्यवस्थाएं बेहतर हैं और हमें उत्कृष्ट उपचार मिला। इसके लिए हम डॉ. प्रिया शेखावत और पूरी टीम के आभारी हैं।”

यह सफल और निशुल्क उपचार सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं तथा समर्पित चिकित्सकों की सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया है, जिसने मरीज और उसके परिवार को नई उम्मीद और विश्वास दिया है।

Related Articles