किरोड़ी पर डोटासरा बोले-हेलिकॉप्टर नहीं दिया इसलिए वापस नाराज हुए:आपसी फूट कंट्रोल करें मुख्यमंत्री; लोगों ने सरकार बनाई थी, लेकिन सर्कस बन गया
किरोड़ी पर डोटासरा बोले-हेलिकॉप्टर नहीं दिया इसलिए वापस नाराज हुए:आपसी फूट कंट्रोल करें मुख्यमंत्री; लोगों ने सरकार बनाई थी, लेकिन सर्कस बन गया

जयपुर : कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कृषि और आपदा राहत मंत्री डॉ किरोड़ीलाल मीणा के इस्तीफे से लेकर कई मुद्दों पर तंज कसा है। डोटासरा ने कहा- सुना था सैटलमेंट हो गया। सुन रहे हैं मान गए। लेकिन जब हेलिकॉप्टर मांगा और नहीं मिला तो वापस नाराज हो गए। मैं तो आग्रह करूंगा कि उनको हेलिकॉप्टर दे दो। ये हेलिकॉप्टर नहीं देने से हालत बने हैं। ऐसी स्थितियां नहीं बनाएं। मैंने विधानसभा में भी कहा था लोगों ने सरकार बनाई थी, लेकिन ये सर्कस बन गया और आप सब देख रहे हैं।
डोटासरा ने कहा- मैं मुख्यमंत्री जी से आग्रह करूंगा कि वे झूठ के अलावा सच पर भी श्री मुख खोलें। अपनी आपसी फूट को थोड़ा कंट्रोल करें। प्रदेश के जो हालात बने हुए हैं, उनमें परेशान लोगों की मदद करें। मोदी जी पर्यटक बनकर विदेशों में घूम रहे हैं, वैसे ही मुख्यमंत्री प्रदेश में भ्रमण कर रहे हैं। लेकिन लोगों को राहत नहीं मिल रही है। उनको राहत पहुंचाने का काम करें। यह जो आपस का झगड़ा है, उसे मिटा लेना चाहिए।
किरोड़ीलाल मीणा का इस्तीफा स्वीकार नहीं किया है तो उनको भी अब खुलकर प्रदेश की आपदा की स्थिति में लोगों की मदद में काम करना चाहिए। डोटासरा प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में ध्वजारोहण के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे।

सत्ता ही देश में नफरत फैला रही है,यह चिंता का विषय
गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा- देश को त्याग और बलिदानों के बाद आजादी मिली है। मौजूदा केंद्र सरकार संविधान को अपने हिसाब से तोड़ मरोड़कर बदलना चाहती है। केंद्र सरकार उन सब लोगों को परेशान कर रही है जो इस देश की एकता और अखंडता के लिए अपना सब कुछ दांव पर लगाने को तैयार रहते हैं।
देश के वीर सैनिकों की वजह से हमारे बॉर्डर सुरक्षित हैं, यह सरकार उन्हीं को परेशान कर रही है। अग्निवीर जैसी योजना लाकर सेना को कमजोर करने काम किया। आज सत्ता ही देश में नफरत फैलाने का काम कर रही है, जो हम सबके लिए चिंता का विषय है ।
डोटासरा ने कहा- कांग्रेस पार्टी ने आजादी से लेकर आज तक जिस स्वर्णिम भारत को आप देख रहे उसको बनाने का काम किया। कांग्रेस ने हमेशा देश में धर्मनिरपेक्षता और भाईचारे को बढ़ावा दिया है। आज हम ऐसे लोगों को सत्ता से हटाने का संकल्प लेते हैं, जो देश में नफरत फैला रहे हैं। देश में सत्ता की तरफ से ही नफरत फैलाने का खेल खेला जा रहा है। उसका मुकाबला करेंगे।
डोटासरा ने कहा- प्रदेश के लोगों ने बीजेपी को सत्ता दी, लेकिन कोई काम नहीं हुआ। केवल बयान बाजी चल रही है। दिल्ली से पर्ची आती है। उसके माध्यम से बयान देने का काम करते हैं। आज प्रदेश में बाढ़ के हालात हैं। प्राकृतिक आपदा आई हुई है। अतिवृष्टि से लोग मर रहे हैं। पहले हीट वेव से लोग मर रहे थे लेकिन सरकार ने कोई इंतजाम नहीं किया। बिजली, पानी तक कां इंतजाम सरकार नहीं कर पा रही।

मुख्यमंत्री भ्रमण, भाषण और भ्रमित करने की राजनीति कर रहे
डोटासरा ने कहा- प्राकृतिक आपदा में मंत्री और मुख्यमंत्री के बीच में लड़ाई चल रही है। आज प्रदेश के लोग हताश है। लोग सरकार से उम्मीद लगाए बैठे हैं कि हम बीजेपी को सत्ता में लाए थे। वो सरकार हमारा ध्यान रखेगी, लेकिन आज हमारे मुख्यमंत्री भ्रमण, भाषण और भ्रमित करने की राजनीति कर रहे हैं।
सत्ता में बैठे लोगों को दिल्ली के इशारे का इंतजार
डोटासरा ने कहा- प्रदेश में अपराधिक घटनाएं हो रही है। बच्चे मर रहे हैं, लेकिन सत्ता में बैठे हुए लोग अपनी मस्ती में मस्त हैं। दिल्ली के इशारों का इंतजार कर रहे हैं। उन लोगों को हमें चेताना है कि आप ट्रस्टी हो मालिक नहीं हो। आपको प्रदेश के लोगों की चिंता करनी होगी और प्रदेश समरसता के साथ आगे बढ़े। कैसे सुरक्षित रहे। जान माल की कैसे सुरक्षा हो इस दिशा में सरकार को कम करना चाहिए। हमने सब कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से कहा है कि कि वे अतिवृष्टि से प्रभावित लोगों की मदद करें।