मंत्री के सामने भिड़े भाजपा नेता,देहात महामंत्री का पैर टूटा:फोटो खिंचवाने को लेकर हुई मारपीट; बोले- भाजयुमो जिलाध्यक्ष ने रॉड से किया वार
मंत्री के सामने भिड़े भाजपा नेता,देहात महामंत्री का पैर टूटा:फोटो खिंचवाने को लेकर हुई मारपीट; बोले- भाजयुमो जिलाध्यक्ष ने रॉड से किया वार

हनुमानगढ़ : हनुमानगढ़ में कैबिनेट मंत्री और जिला प्रभारी मंत्री सुमित गोदारा के सामने 2 भाजपा नेता भिड़ गए। मामला इतना बढ़ा कि नोकझोंक मारपीट में बदल गई। इस दौरान एक भाजपा नेता का पैर टूट गया और अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा। मंत्री के साथ फोटो खिंचवाने को लेकर दोनों नेताओं में कहासुनी हो गई, जो बाद में मारपीट में बदल गई।
दरअसल, वन महोत्सव कार्यक्रम के तहत खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा बुधवार सुबह 11.30 बजे कोहला स्थित पेट्रोल पंप पहुंचे। यहां भाजपा देहात मंडल और भाजयुमो के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान मंत्री के साथ फोटो खिंचवाने को लेकर भाजयुमो जिलाध्यक्ष सुशील जोशी और भाजपा देहात मंडल महामंत्री दयाराम शर्मा के बीच नोकझोंक हो गई।
मामला बढ़ने पर मंत्री सुमित गोदारा मौके से रवाना हो गए। मंत्री के रवाना होते ही दोनों पक्ष भिड़ गए। मामला इतना बढ़ा कि मारपीट होने लगी। मारपीट में भाजपा देहात मंडल महामंत्री दयाराम शर्मा का पैर फ्रैक्चर हो गया। इस पर उनको जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

गुप्ती के हमले में बचा, रॉड से लगी चोट
भाजपा देहात मंडल महामंत्री दयाराम शर्मा ने कहा- उन पर भाजयुमो जिलाध्यक्ष सुशील जोशी ने गुप्ती और रॉड से वार किया। गुप्ती के हमले में वह बच गए, लेकिन पैर पर हुए रॉड के हमले के कारण उनका पैर फ्रैक्चर हो गया। शर्मा ने प्रदेश नेतृत्व से सुशील जोशी को हटाने की मांग की है।
दयाराम शर्मा ने कहा- मंत्री सुमित गोदारा हनुमानगढ़ आ रहे थे तो हम उनके स्वागत में खड़े हुए थे। उसी दौरान युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष सुशील जोशी भी वहीं मौजूद थे। उसने मेरे साथ खड़े मंडल महामंत्री राजेंद्र जिनागल को धक्का दिया और आगे चले गए। इस पर मैंने कहा कि सुशील इन्हें धक्का क्यों दे रहे हो, ये भी आए हैं, हम भी आए हैं तो शिष्टाचार से काम करो। इस बात पर भाजयुमो जिलाध्यक्ष मुझसे और राजेंद्र से गाली-गलौज करने लग गए।
शर्मा ने कहा- सभी ने सुशील जोशी को साइड किया तो वो गाली-गलौज करने लगे। इसी दौरान सभी ने मिलकर सुशील जोशी को गाड़ी में बैठा दिया। इस पर उसने गाड़ी को मेरे पास लाकर रॉड निकाली और मुझ पर वार किया। इस दौरान रॉड की मेरे पैर पर लगी और फ्रैक्चर हो गया। मैं सभी से अनुरोध करना चाहता हूं कि उसे जल्द इस पद से हटाया जाए। ऐसे धूर्त आदमी का पार्टी में काम क्या है। वो तो गुंडागर्दी कर रहा है। संगठन का क्या मतलब हुआ। जिलाध्यक्ष को हटाने और सख्त से सख्त से कार्रवाई करने की मांग की है।
मामला बढ़ता देख शाम को भाजपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र पारीक जिला अस्पताल पहुंचे और दयाराम शर्मा की कुशलक्षेम पूछते हुए राजीनामा कराने का प्रयास किया। उधर विवाद के बीच श्यामलाल शर्मा नाम के एक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर किया और सुशील जोशी पर पेट्रोल पंप पर हुई लड़ाई के दौरान उसका मोबाइल फोन छीनकर तोड़ने का आरोप लगाया।

जोशी ने आरोपों को निराधार बताया
भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष सुशील जोशी ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि मुझे मीडिया और सोशल मीडिया से पता चला कि प्रभारी मंत्री के स्वागत में रखे गए कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक हो गई थी। मुझ पर भी मारपीट और अन्य आरोप लगे हैं, वो आरोप निराधार हैं। अगर ऐसी कोई बात है तो मैं मेरी तरफ से पहल करके बात करने का प्रयास करूंगा। हमारा भाजपा संगठन संगठित और मजबूत है।