कोटा : ‘बीजेपी के लोग अंग्रेजों की मुखबिरी किया करते थे’:गहलोत बोले- एक नाम बता दो जिसने आजादी की जंग में भाग लिया हो, यात्रा में BJP, RSS के लोग आना चाहे तो मना नहीं
'बीजेपी के लोग अंग्रेजों की मुखबिरी किया करते थे':गहलोत बोले- एक नाम बता दो जिसने आजादी की जंग में भाग लिया हो, यात्रा में BJP, RSS के लोग आना चाहे तो मना नहीं

कोटा : मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भारत जोड़ो यात्रा की तैयारियों को लेकर कोटा सर्किट हाउस कार्यकर्ताओं की बैठक ली। बैठक में मंत्री शांति धारीवाल, परसादी लाल मीणा, विधायक भरत सिंह, रामनारायण मीणा सहित कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

इस दौरान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा आज जो देश में माहौल बना है वो लोकतंत्र के लिए उचित नहीं है। केंद्र सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आलोचना भी सहन नहीं होती। जहां जहां बीजेपी की राज्य में सरकार हैं वहां पर भी यही स्थिति है वह भी आलोचना सहन नहीं कर सकते। कई पत्रकार,साहित्यकार, लेखक जेल में बैठे हैं। यह माहौल संविधान की धज्जियां उड़ाने वाला है। राहुल गांधी, महंगाई, बेरोजगारी, संविधान की रक्षा करना, लोकतंत्र की मजबूती के उद्देश्य को लेकर यात्रा पर है।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की यात्रा से कोई भी जुड़ सकता है चाहे वो सामाजिक संस्था हो, एनजीओ हो, जिनके विचार राहुल गांधी से मिलते हो। चाहे वो बीजेपी, आरएसएस के लोग की क्यों ना हो। वह भी अगर आना चाहे तो उनसे मना नहीं कर सकते। राहुल गांधी की यात्रा से बीजेपी परेशान व चिंतित है। इसलिए मीडिया के माध्यम से भी यात्रा को डैमेज करने का प्रयास कर रहे हैं। राहुल गांधी ने कहा कि डरो मत उसके भी अपने मायने हैं। जो हालात हैं, उनको राहुल गांधी देश के अंदर रिप्रेजेंट कर रहे हैं। देश ही नही, दुनिया इस यात्रा को देख रही है।

गहलोत ने कहा कि मोदी कहते थे कि कांग्रेस मुक्त भारत बनाएंगे। तभी मैं कहता था वो खुद मुक्त हो जाएंगे, लेकिन देश से कांग्रेस कभी मुक्त नहीं होगी। बीजेपी आज सत्ता में जरूर है। लेकिन राष्ट्रीय पार्टी के रूप में नहीं,जिस रूप में कांग्रेस है। नार्थ ईस्ट में उनको पूछने वाला कोई नहीं है, वहां तोड़फोड़ जरूर करते हैं। साउथ में कर्नाटक को छोड़कर कहीं नहीं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का मुकाबला कोई नहीं कर सकता। कांग्रेस की नीति, कार्यक्रम, सिद्धांत, प्रिंसिपल प्रोग्राम, पॉलिसी गांधी जी की दिए हुए है। उसी राह पर देश चलता आ रहा है। त्याग, बलिदान,कुर्बानी हुई है तो कांग्रेस के झंडे के नीचे हुई है। आजादी के पहले भी, आजादी के बाद में भी। कांग्रेस के पास एक ऐसा इतिहास है जो किसी के पास नहीं। बीजेपी के बारे में क्या बात करें। ना आजादी की जंग में भाग लिया, यह लोग तो उस जमाने में अंग्रेजों की मुखबिरी किया करते थे। ये सब जानते हैं। एक भी नाम बता दो जिसने आजादी की जंग में भाग लिया हो। यह लोग हकीकत में मुखबिरी करते थे। इसलिए कांग्रेस का मुकाबला कोई नहीं कर सकता। देश का व कांग्रेस का डीएनए एक सा है।
उन्होंने कहा कि कोटा पर्यटन नगरी के रूप में विकसित हो रहा है। हवाई अड्डा भी बनने जा रहा है। इस बारे में स्थानीय सांसद व स्पीकर ओम बिरला से बात की है। उनसे कहा कि आपने जमीन मांगी, हमने जमीन दे दी। अब गेंद आप के पाले में है। अगर अभी भी नहीं बना,तो फिर कभी नहीं बनेगा। धारीवाल जी अभी दिल्ली में मीटिंग में शामिल होकर आए हैं। तो उनको मालूम पड़ा कि बजट में प्रोविजन ही नहीं किया जा रहा,कोटा एयरपोर्ट के लिए। मैंने धारीवाल जी के सामने ही स्पीकर ओम बिरला के फोन किया और कहां ये क्या बात है, आपने मुझसे भी वादा किया था। जमीन हमको दे दीजिए, तो हम लोग तैयार हैं एयरपोर्ट बनाने के लिए। गहलोत ने कहा कि मैंने मजाक में ओम बिरला से कहा है अगर आपने कोटा में एयरपोर्ट नहीं बनाया, तो अगला चुनाव में आपके सामने लड़ूंगा।
गहलोत ने कार्यकर्ताओं से कहा कि आपसे बातें बहुत करनी है। अगले चुनाव के बारे में बातें करनी है। इस बार अपन चाहते हैं कि सरकार रिपीट हो। इतने अच्छे काम राजस्थान सरकार कर रही है ऐसे ऐसे फैसले की सरकारी कर्मचारियों के ओपीएस का हो, चिरंजीवी योजना का हो, या और भी हो, इनकी स्टडी करें,तो देश के किसी राज्य में ऐसे फैसले नहीं हो रहे जो हम कर रहे हैं। अब अपन लोग मिलकर चलेंगे, तो मैं समझता हूं आप सब के सहयोग से अगली सरकार रिपीट हो सकती है
यूडीएच शांति धारीवाल ने कहा यह परीक्षा का समय है। उपस्थिति ऐतिहासिक दे दी, तब तो हम पास है। शहर की पॉपुलेशन 14 लाख है। कार्यकर्ता ही किसी कार्यक्रम को सफल बनाता है। कार्यकर्ता जब उदास हो जाता है तो कार्यक्रम फेल हो जाता है। राहुल गांधी की यात्रा में ज्यादा से ज्यादा कार्यकर्ताओं की प्रजेंश रहेगी, तो ही उसको सफल माना जाएगा।
सीएम गहलोत व यूडीएच मंत्री के कहने विधायक भरत सिंह ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।भरत सिंह ने कहा कि मेरे बोलने की आवश्यकता नहीं है धारीवाल जी बोले है,उन्होंने कहा कि ‘हाथी के पैर में सबका पैर’। देहात में अच्छी शुरुआत होगी। शहर में आने के बाद धारीवाल जी के साथ पूरा शहर चलेगा। बहुत सफल यात्रा होगी। यह कांग्रेस की राजनीति की यात्रा नहीं है, यह बहुत बड़ा संदेश है इस देश को जोड़ने का।
इससे पहले सीएम गहलोत ने कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया। मीटिंग में आए कार्यकर्ताओं के पास जाकर हाथ मिलाया। इस दौरान लोगों में सीएम को अपनी समस्या भी बताई। एक दिव्यांग महिला ने ट्रांसफर नहीं होने की पीड़ा बताई। जिसे गहलोत ने ध्यान से सुना। और दिव्यांग महिला को आश्वासन दिया।बैठक में मंच का संचालन शहर जिलाध्यक्ष कर रहे थे,देहात जिलाध्यक्ष सरोज मीणा कार्यकर्ताओं की कतार में बैठी थी। मंच से उनका नाम तक नहीं पुकारा गया। विधायक भरत सिंह भी पहले कार्यकर्ताओं के साथ बैठे हुए थे। गहलोत जब कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर रहे थे उसी समय उनकी नजर भरत सिंह पर पड़ी। उन्होंने ने भरत सिंह को बुलाया। फिर खुद चलकर भरत सिंह के पास गए। उन्हें साथ में लाकर मंच पर बैठाया।