किसान आंदोलन के खिलाफ बोलने वाले को जवाब देने पर सिपाही को धन्यवाद : सांसद
किसान आंदोलन के खिलाफ बोलने वाले को जवाब देने पर सिपाही को धन्यवाद : सांसद

सीकर : नवनिर्वाचित सांसद अमराराम का शुक्रवार को जाट बोर्डिंग छात्रावास में स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा मैं किसान आंदोलन के खिलाफ बोलने वाले नेता को जवाब देने वाले जांबाज सिपाही को धन्यवाद देता हूं। जब दिल्ली में आंदोलन चल रहा था, मैं भी किसानों के साथ वहां संघर्ष कर रहा था।
अमराराम ने कहा कि मेरे राजनीतिक करियर की शुरुआत इसी जाट बोर्डिंग से हुई थी। मैंने नौवीं क्लास में ही यहां एडमिशन ले लिया था। उन्होंने कहा कि अंग्रेज और सामंतशाही के खिलाफ किसानों के संघर्ष से इस छात्रावास का निर्माण हुआ था। ग्राम पंचायत चुनाव से लेकर देश के सबसे बड़े सदन तक का सफर इसी जाट बोर्डिंग से किया। कहा कि मैं सीकर लोकसभा के लोगों को विश्वास दिलाता हूं कि उनके हक के लिए सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष जारी रखूंगा। अग्निवीर व अन्य काले कानून को निरस्त करने के लिए संघर्ष करूंगा। उन्होंने कहा सत्य परेशान हो सकता है लेकिन पराजित नहीं हो सकता। देश के लोगों के खिलाफ जो नीतियां हैं उन्हें रद्द करने के लिए आंदोलन लगातार आगे बढ़ेगा।
प्रेस सचिव हरिराम मील ने बताया इस मौके पर अध्यक्ष गणेश बेरवाल, प्रेस सचिव हरिराम मील, सचिव केडी नेहरा, सुरेश थालोड़, ऊंकार मुंड आदि उपस्थित रहे। भढाढर निवासी लिखमाराम बगड़िया ने संस्थान को 51000 रु. की राशि भेंट की।
नवनिर्वाचित सांसद का किया स्वागत : राजस्थान रोडवेज मजदूर कांग्रेस(इंटक) की टीम द्वारा नवनिर्वाचित सांसद अमराराम, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनीता गठाला व किसान कांग्रेस कमेटी जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र गठाला का स्वागत किया और जीत की बधाई दी। संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष हरफूल सिंह भिंचर, प्रदेश महामंत्री बनवारी लाल रूलानिया, सीकर आगार जिलाध्यक्ष मुकेश डेरवाल, सुरेश भिंचर, सुनील फगेडिया सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं इस दौरान मौजूद रहे।