कोटा में नीट स्टूडेंट फंदे पर लटका:सुसाइड नोट में लिखा- ‘आई एम सॉरी पापा’, 5 मई को एग्जाम था; तीन दिन में दूसरी खुदकुशी
कोटा में नीट स्टूडेंट फंदे पर लटका:सुसाइड नोट में लिखा- 'आई एम सॉरी पापा', 5 मई को एग्जाम था; तीन दिन में दूसरी खुदकुशी

कोटा : कोटा में नीट की तैयारी करके कोचिंग स्टूडेंट ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला, जिसमें लिखा- ‘ आई एम सॉरी पापा।’ स्टूडेंट धौलपुर का रहने वाला था। वह भांजे के साथ जवाहर नगर के तलवंडी प्राइवेट सेक्टर में एक मकान में पीजी में रहता था। घटना मंगलवार सुबह 11 बजे की है।
पुलिस ने बताया सुसाइड करने वाला स्टूडेंट भरत राजपूत (20) है। भरत के भांजे रोहित ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब दस बजे वह कटिंग करवाने के लिए बाजार गया था। तब उसका मामा भरत सोकर उठा था। वह कुछ देर में आने की बात कहकर निकला था। करीब 11 बजे वह वापस आया। उसने दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। उसने कई बार भरत को आवाज लगाई, लेकिन जब कोई जवाब नहीं मिला तो मकान मालकिन मंजू को बताया। इसके बाद उन्होंने खिड़की से देखा तो भरत फंदे पर लटका हुआ था। उसने चद्दर से फंदा लगा लिया था।

यह देख मकान मालकिन ने आस-पास के लोगों को सूचना दी। सूचना पर आस-पास रहने वाले कोचिंग छात्र पहुंचे और दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची ।
छात्र भरत के पास एक सुसाइड नोट भी मिला है। रोहित ने बताया कि पांच मई को उनका एग्जाम था।

तीसरी बार देनी थी परीक्षा
रोहित ने बताया कि भरत नीट की तैयारी कर रहा था। इस साल उसका तीसरा अटेम्प्ट था। पहले दो साल उसने कोटा में ही रहकर तैयारी की, लेकिन उसका सिलेक्शन नहीं हो सका। ऐसे में तीसरी साल फिर वह तैयारी करने आया था। रोहित भी दो साल से कोटा में तैयारी कर रहा है, यह उसका दूसरा साल था। रोहित ने बताया कि पढ़ाई को लेकर कोई टेंशन की बात कभी नहीं हुई। न ही भरत ने कभी कोई ऐसी बात की। रोहित के अनुसार भरत की पढ़ाई भी ठीक चल रही थी। कोचिंग टेस्ट में भी उसके ठीक-ठाक नंबर आ रहे थे। सोमवार रात को भरत मोबाइल देख रहा था। पढ़ाई के बाद मोबाइल कुछ देर देखा और उसके बाद सो गया था। सुबह नौ बजे करीब वह उठा था।
इस साल अब तक 9 मौत
-30 अप्रैल को धौलपुर के स्टूडेंट भरत राजपूत ने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। वह नीट की तैयारी कर रहा था।
– 28 अप्रैल को हरियाणा के राेहतक के रहने वाला सुमित फंदे से लटका मिला। वो नीट की तैयारी कर रहा था।
– 24 मार्च को कन्नौज (यूपी) के रहने वाले उरूज ने सुसाइड कर लिया था। वो नीट की तैयारी कर रहा था।
– 6 मार्च को बिहार के भागलपुर के रहने वाले 16 साल के अभिषेक ने सल्फास खाकर सुसाइड कर लिया था। वह जेईई की तैयारी कर रहा था।
– 20 फरवरी को 16 साल के रचित का शव जंगल में मिला था। वह एमपी के राजगढ़ के ब्यावरा का रहने वाला था। रचित कोटा में जेईई की तैयारी कर रहा था।
– 13 फरवरी को छत्तीसगढ़ के रहने वाले शुभकुमार चौधरी ने सुसाइड किया था। वह कोटा में महावीर नगर प्रथम इलाके में रहता था।
– 2 फरवरी को यूपी के गोंडा जिले के रहने वाले नूर मोहम्मद ने सुसाइड किया था। नूर मोहम्मद चेन्नई कॉलेज से बीटेक कर रहा था। कोटा में रहकर ऑनलाइन पढ़ाई करता था।
– 31 जनवरी को जेईई स्टूडेंट निहारिका ने सुसाइड किया था। वह कोटा के बोरखेड़ा में रहने वाली थी। सुसाइड नोट में लिखा था- ‘मम्मी पापा में जेईई नहीं कर पाई, इसलिए सुसाइड कर रही हूं। मैं एक लूजर हूं, मैं अच्छी बेटी नहीं हूं, सॉरी मम्मी पापा यही लास्ट ऑप्शन है।’
– 24 जनवरी को नीट स्टूडेंट मोहम्मद जैद हॉस्टल में फंदे पर लटका मिला था। वह यूपी के मुरादाबाद का रहने वाला था। कोटा के जवाहर नगर थाना क्षेत्र के न्यू राजीव गांधी नगर इलाके के हॉस्टल में रहता था।
कोटा में 10 सालों में सबसे ज्यादा सुसाइड
सरकारी डेटा के अनुसार भारत में साल 2021 में सबसे ज्यादा 13,000 सुसाइड हुए हैं। ये साल 2020 के डेटा से 4.5% ज्यादा हैं। इसके साथ ही पिछले साल यानी 2023 में 29 स्टूडेंट्स ने कोटा में सुसाइड किया था, जो कि 10 सालों में सबसे ज्यादा है।
इस साल की शुरुआत से अब तक 3 स्टूडेंट्स सुसाइड कर चुके हैं। इसमें 2 स्टूडेंट यूपी और 1 राजस्थान से था। इसमें राजस्थान की जो स्टूडेंट शामिल थी, उसका दो दिन बाद ही JEE मेंस एग्जाम था। इसके साथ ही स्टूडेंट ने सुसाइड नोट में माता-पिता से माफी भी मांगी थी।
इसके लिए राजस्थान में सरकार ने 20 अक्टूबर 2023 को एक कमेटी बनाई जा सकती है। इसमें स्टूडेंट्स के सुसाइड करने के कारण बताए गए थे, जिसमें अच्छा परफॉर्म करने को लेकर स्टूडेंट्स पर प्रेशर को एक कारण बताया गया था।