बारात में शामिल युवक पर बोलेरो चढ़ाकर किया मर्डर:दोस्त के साले की शादी में गया था; वारदात से पहले जमकर की मारपीट
बारात में शामिल युवक पर बोलेरो चढ़ाकर किया मर्डर:दोस्त के साले की शादी में गया था; वारदात से पहले जमकर की मारपीट

झुंझुनूं : बारात में गए युवक के साथ बोलेरो कार में आए बदमाशों ने पहले मारपीट की। इसके बाद उस पर कार चढ़ा दी। बुरी तरह घायल हुए युवक ने इलाज के लिए ले जाते वक्त दम तोड़ दिया। उसके दोस्त भी इस हमले में घायल हो गए। मामला झुंझुनूं जिले के सूरजगढ़ थाना इलाके के जीणी गांव का है। घटना बुधवार रात 10.15 बजे हुई।
थानाधिकारी सुखदेव सिंह ने बताया- हमले में सूरजगढ़ थाना इलाके के गांव भापर में रहने वाले विजय नायक (36) की मौत हो गई। बुधवार (3 अप्रैल) की रात विजय अपने दोस्त अनिल के साले नरहड़ (चिड़ावा) निवासी कपिल कुमार की बारात में शामिल था। बारात नरहड़ से जीणी गांव पहुंची थी। जहां विजय का मर्डर कर दिया गया।
पहले मारपीट कर भागे, लौटकर कार चढ़ाई
विजय के भाई कृष्ण कुमार पुत्र लीलाधर ने गुरुवार को सूरजगढ़ थाने हत्या का मामला दर्ज कराया। रिपोर्ट में बताया- 3 अप्रैल की रात 10.15 बजे विजय, उसका दोस्त अनिल और अन्य साथी जीणी गांव में रामदेव मंदिर के पास खड़े थे। इस दौरान बोलेरो कार में आरोपी विवेक पुत्र महेन्द्र, नितेश पुत्र कर्ण सिंह, अरविन्द पुत्र शेर सिंह वहां पहुंचे। ये लोग भी नरहड़ के रहने वाले थे।
विवेक, नितेश और अरविंद बोलेरो कार से उतरे और मंदिर के पास खड़े विजय और उसके दोस्तों के साथ मारपीट करने लगे। इसके बाद वे गाली-गलौज करते हुए वहां से चले गए। कुछ देर बार विवेक, नितेश, अरविंद व 3-4 अन्य लोग बोलेरो कार में दोबारा लौटे। कार को विवेक चला रहा था। उसने कार विजय पर चढ़ा दी। उसके दोस्तों को भी टक्कर मारकर भाग गया।
हिसार रेफर किया, रास्ते में तोड़ा दम
विजय को गंभीर हालत में पिलानी (झुंझुनूं) हॉस्पिटल ले गए। जहां से उसे हिसार (हरियाणा) रेफर कर दिया गया। रास्ते में विजय ने दम तोड़ दिया। बोलेरो की टक्कर से विजय के दोस्त भी घायल हुए हैं। जिनमें से एक को सीकर रेफर किया गया है।
गुरुवार सुबह आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर परिजन और ग्रामीण सूरजगढ़ थाने पर जुट गए। सूचना पर चिडावा डिप्टी विकास धींधवाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाया। इसके बाद पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।