झुंझुनूं के युवक की हिसार में हार्ट अटैक से मौत:सेना में नायक के पद पर था तैनात, कल पहुंचेगी पार्थिव देह
झुंझुनूं के युवक की हिसार में हार्ट अटैक से मौत:सेना में नायक के पद पर था तैनात, कल पहुंचेगी पार्थिव देह

जनमानस शेखावाटी संवाददाता : चंद्रकांत बंका
झुंझुनूं : झुंझुनूं के जवान का बुधवार की रात ड्यूटी पर हार्ट अटैक के कारण निधन हो गया। जानकारी के अनुसार झुंझुनूं के खतेहपुरा निवासी सैनिक सुभाष नेहरा(40) की हरियाणा स्थित हिसार सैन्य छावनी में नायक के पद पर पोस्टिंग थी। जहां ड्यूटी के दौरान ही हृदय गति रुकने से उनकी मृत्यु हो गई। जवान दस दिन पहले ही छुट्टी काटकर गया था। सुभाष के निधन की खबर सुनकर गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जवान के चचेरे भाई रघुवीर नेहरा ने बताया कि बुधवार रात को अचानक सीने में दर्द की शिकायत हुई थी। जिसके बाद ड्यूटी पर ही उनका निधन हो गया था। शुक्रवार को सुबह 10 बजे पार्थिव देह लाया जाएगा। उसके बाद गांव में ही सैनिक सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
रघुवीर नेहरा ने बताया कि सुभाष ने 15 मार्च 2003 को सेना जॉइन की थी। उनके दो लड़के व एक बेटी है। जिसमें एक बेटा दिव्यांग है। बेटी कोमल 10वीं क्लास में पढ़ती है। सबसे छोटा बेटा लक्ष्य 7वीं कक्षा का छात्र है। उनकी पत्नी गृहिणी है।