जानें, शेखावाटी को यमुना से कितने दिन पानी मिलेगा
हांसियावास गांव के निकट बांध बनाया जाएगा। यह कृत्रिम बांध चूरू जिले का सबसे बड़ा बांध होगा। यहां ताजेवाला हैड से लोहे के बड़े पाइपों से पानी लाया जाएगा। यमुना के पानी लाने की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) पर काम चल रहा है।

हांसियावास गांव की हरियाणा से दूरी मात्र सात किलोमीटर है। यमुना का पानी केवल बरसात के दिनों में मिलेगा। समझौते के अनुसार पानी केवल 120 दिन जुलाई से अक्टूबर के मध्य शेखावाटी को दिया जाएगा। चूंकि उस समय शेखावाटी में भी बरसात होगी। इसलिए पानी को बड़े बांध में एकत्रित किया जाएगा। बाद में जरूरत के अनुसार लिफ्ट कर पानी को झुंझुनूं, सीकर, चूरू और नीमकाथाना जिले में उपलब्ध कराया जाएगा।
यमुना का पानी सबसे पहले खुद के क्षेत्र में दिलाने में भी चूरू जिले के जनप्रतिनिधि आगे रहे। यहीं से शेखावाटी को पानी मिलेगा। कुम्भाराम लिफ्ट योजना का पानी भी सबसे पहले चूरू जिले को ही मिला। जर्मन सरकार के सहयोग से आपणी योजना भी चूरू जिले में ही शुरू हुई थी।
सबसे पहले पानी चूरू जिले के हांसियावास गांव में आएगा। यहां बडा बांध बनाया जाएगा। इसके बाद पानी चूरू, सीकर, झुंझुनूं व नीमकाथाना जिले को दिया जाएगा।
– यशवर्धन सिंह शेखावत, संयोजक, यमुना जल संघर्ष समिति