मनरेगा की महिला श्रमिकों ने मजदूरी काटने पर किया प्रदर्शन
मनरेगा की महिला श्रमिकों ने मजदूरी काटने पर किया प्रदर्शन

खेतड़ी : उपखंड के किशनपुरा गांव में नरेगा में कार्यरत महिलाओं की मजदूरी काटने पर महिला मजदूरों ने मंगलवार को आक्रोशित होकर उपखंड कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने एसडीएम को ज्ञापन देखकर कार्रवाई करने की मांग की। महिला श्रमिकों की ओर से दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि टीबा पंचायत के किशनपुरा गांव में नरेगा का कार्य चल रहा है, जिसमें करीब 25 महिलाएं कार्य कर रही हैं।
पूरे दिन निर्धारित समय के अनुसार कार्य करने के बावजूद उनकी मजदूरी काटकर कम रुपए दिए जा रहे हैं। इस संबंध में जब उन्होंने पंचायत सहायक व मेट से संपर्क किया तो कोई समाधान नहीं हो पाया। इस संबंध में जब वह ग्राम विकास अधिकारी के पास पहुंची तो उन्होंने भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। महिलाओं ने आरोप लगाया कि एलडीसी, ग्राम विकास अधिकारी कार्यस्थल पर नहीं आते हैं, जबकि कार्यस्थल पर आकर निर्धारित कार्य के अनुसार उनकी हाजिरी भी दर्ज होनी चाहिए। महिलाओं ने बताया कि निर्धारित मजदूरी के अनुसार प्रत्येक महिला को 240 रुपए मजदूरी के दिए जाते हैं, लेकिन उन्हें 100 से 140 रुपए दिए जा रहे हैं। समस्या को लेकर पिछले काफी दिनों से उन्होंने उच्चाधिकारियों को भी अवगत करवाया, लेकिन समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ।
इससे पूर्व उन्होंने इलाखर में कार्य किया था, जहां उन्हेंे पूरी मजदूरी दी गई थी, लेकिन किशनपुरा गांव में कार्यरत मेट की लापरवाही के चलते उनकी मजदूरी काटकर रुपए दिए जा रहे हैं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। महिलाओं ने कहा कि यदि जल्द ही उनकी मजदूरी के काटे गए रुपए नहीं दिए गए तो महिला मजदूरों की ओर से कार्य का बहिष्कार कर आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने कलेक्टर व विकास अधिकारी को पत्र देकर उनकी समस्या का समाधान करने की मांग की है। इस मौके पर सुमन देवी, चंद्रकला, लाली देवी, रोशनी, सुनीता, राम कला, मुनेश, सुशीला, सुमित्रा, इलायची, कांता देवी, सुमन, मीना, विमला, भावना, रमेश देवी, सुमित्रा, सुशीला व बीना देवी आदि मजदूर मौजूद थे।