राजस्थान के लिए BJP की 83 उम्मीदवारों की सूची जारी, वसुंधरा को झालरापाटन से टिकट
भाजपा अब तक 124 नामों का एलान कर चुकी है। दूसरी सूची में पूर्व मुख्यमंत्री से लेकर मौजूदा नेता प्रतिपक्ष, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व राजघरानों से ताल्लुक रखने वाले नेताओं के नाम शामिल हैं। देखें पूरी सूची...

Rajasthan Election 2023: राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने 83 उम्मीदवारों की सूची शनिवार को जारी कर दी। एक दिन पहले ही दिल्ली में भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई थी, जिसमें इन नामों पर अंतिम मुहर लगी थी। पहली सूची में भाजपा ने 41 उम्मीदवार घोषित किए थे। भाजपा अब तक 124 नामों का एलान कर चुकी है, जबकि 76 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा होना बाकी है।
41 सीटों पर प्रत्याशी पहले ही उतार चुकी है पार्टी
9 अक्तूबर को भाजपा ने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी थी। जिसमें प्रदेश की 41 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों का एलान किया गया था। इनमें से 39 सीटें भाजपा पिछले चुनाव में हार गई थी। यहां नए चेहरों के अलावा सात सांसदों को भी टिकट दिया गया है।
वसुंधरा झालरापाटन से मैदान में
चुनाव की सरगर्मी जब से शुरू हुई, तब से सबसे बड़ा सवाल यही था कि पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की क्या भूमिका होगी और क्या वे विधानसभा चुनाव लड़ेंगी? भाजपा की दूसरी सूची में सबसे बड़ा नाम वसुंधरा राजे का ही है। वे झालावाड़ की झालरापाटन विधानसभा सीट से पांचवीं बार चुनाव लड़ेंगी।
नेता प्रतिपक्ष की सीट बदली, पूनिया को अंबेर से टिकट
नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ की सीट बदल दी गई है। वे इस बार चुरू जिले की तारानगर से चुनाव लड़ेंगे। पिछली बार वे चुरू से जीते थे। चुरू से उनकी जगह हरलाल सहारण को टिकट दिया गया है। अंबेर से भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया को टिकट दिया गया है।