दौसा जिले के कांदोली में जनसभा: मोदी सरकार पर कड़ा प्रहार, भाजपा सरकार आई तो ओपीएस, सस्ता सिलेण्डर व मुफ्त इलाज खत्म: प्रियंका

दौसा : विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के प्रचार अभियान को धार देने आईं प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को दौसा में सिकराय विधानसभा के कांदोली में जनसभा में कहा कि जब कांग्रेस सरकार ओल्ड पेंशन स्कीम (ओपीएस) लागू कर सकती है तो भाजपा इस मुद्दे पर चुप क्यों है? मतलब भाजपा की सरकार आई तो ओपीएस खत्म, सस्ता सिलेण्डर खत्म और क्या 25 लाख का मुफ्त इलाज मिलेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा की तो गरीबों से खींचना और उद्योगपतियों को सींचना नीति बन गई है। भाजपा के नेता अपने अहंकार व मान सम्मान को बढ़ाने और उद्योगपति मित्रों के लिए काम कर रहे हैं।

सियासी संदेश गहलोत का अनुभव, पायलट भविष्य
प्रियंका गांधी ने कहा कि राजस्थान में एक तरह अशोक गहलोत जी का अनुभव है, जो आपके लिए बेहतरीन योजनाएं लेकर आते हैं और दूसरी ओर सचिन पायलट जी जैसे युवा नेता हैं, जो आपके भविष्य की तरफ देखते हुए हर रोज मेहनत करते हैं। यह कांग्रेस पार्टी आपके लिए समर्पित है। हम चाहते हैं कि राजस्थान का विकास हो। प्रदेश मजबूत बने। इस प्रयास में आपका हमारा समर्थन देंगे। आप हमारी सहायता करेंगे तो आपको ही भविष्य उज्ज्वल होगा। जनसभा को सीएम अशोक गहलोत, पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट व पीसीसी चीफ गोविंद डोटासरा ने भी सम्बोधित किया।
किसानों के लिए नहीं, 8 हजार करोड़ के खरीद रहे जहाज
प्रियंका ने कहा कि देश के पीएम 8-8 हजार करोड़ के हवाई जहाज खरीद रहे हैं। 20 हजार करोड़ की नई संसद बना रहे हैं, 27 हजार करोड़ का कॉन्फ्रेंस हॉल बनाते हैं, लेकिन किसानों का कर्ज माफ करने व ओपीएस देने की बात आती है तो उनके पास पैसे नहीं हैं। मोदी सरकार ने देश की सम्पत्ति उद्योगपति मित्रों को बेच दी। जनता की उम्मीद को तोड़ा गया है। महंगाई बढ़ा दी तो प्रदेश की सरकार को महंगाई राहत कैम्प लगाने पड़े।
पीएम के लिफाफे में 21 रुपए से ईआरसीपी को जोड़ा
प्रियंका ने कहा कि देवनारायणजी मंदिर में प्रधानमंत्री गए थे और एक लिफाफा डाल आए। छह महीने बाद उस लिफाफे को खोला गया। जनता सोच रही थी कि क्या होगा लिफाफे में? देश के इतने बड़े नेता आए थे, लेकिन उसमें 21 रुपए निकले। इस तरह से ही देश में हो रहा है। मंच से बड़ी-बड़ी घोषणाएं करते हैं और चुनाव खत्म होने के बाद कुछ काम करके नहीं दिखाते हैं। राजस्थान में भी प्रधानमंत्री ने इसी तरह ईआरसीपी का जुमला दिया था।
ईआरसीपी पर किया भ्रमित: राठौड़
नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने कहा कि प्रियंका ने ईआरसीपी पर भ्रमित किया है। भगवान देवनारायणजी के मालासेरी डूंगरी मंदिर में प्रधानमंत्री ने लिफाफा नहीं बल्कि दानपेटी में नकद राशि डाली थी। फिर भी प्रियंका ने झूठ का सहारा लिया।
गरीबों से खींचना और बड़े बड़े उद्योगपतियों को सींचना है
प्रियंका गांधी ने कहा कि पीएम मोदी का ध्यान राजस्थान की जनता की भलाई पर नहीं बल्कि गरीबों से खींचना और बड़े बड़े उद्योगपतियों को सींचना है। यहां भाजपा की सरकार आएगी तो पुरानी पेंशन स्कीम खत्म। गैस सिलेंडर का क्या होगा? क्या फ्री में 25 लाख रुपए तक का इलाज हो पाएगा या नहीं? भाजपा आपके बारे में नहीं सोच रही है।
मोदी के अहंकार ने पूरे भाजपा कुनबे को तोड़ दिया
प्रियंका गांधी ने कहा कि मोदी के अहंकार ने पूरे भाजपा कुनबे को तोड़ दिया है जबकि यहां पर कांग्रेस पूरी पार्टी एकजुट होकर मंच पर बैठी है। राजस्थान का रिवाज बदल डाला। इस बार दुबारा कांग्रेस को लाओ। इस बार आंखे खोलकर वोट दो। जो आपके लिए योजनाएं लेकर आए हैं। उन्हें वोट दो।
घावों पर नमक छिड़का: सीपी जोशी
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा है कि प्रियंका का भाषण गहलोत सरकार के कुशासन, अकर्मण्यता, अपराध, भ्रष्टाचार से पीड़ित प्रदेश की जनता के घाव पर नमक छिड़का जैसा है। गहलोत ने जो आंकडे़ लिखकर दिए उन्हें जोश में बोल दिया।
प्रियंका पहुुंचीं रणथम्भौर
प्रियंका गांधी शुक्रवार शाम रणथम्भौर पहुंचीं। जानकारी के अनुसार प्रियंका व उनके परिजन शनिवार सुबह रणथम्भौर राष्ट्रीय उद्यान में भ्रमण को जाएंगे। उनका 25 अक्टूबर झुंझुनूं जिले के अरड़ावता गांव भी जाने का कार्यक्रम है। वे वहां वरिष्ठ कांग्रेस नेता पद्मश्री शीशराम ओला की प्रतिमा का अनावरण करेंगी।
देशी अंदाज में राम राम सा… कहकर प्रियंका ने संबोधन शुरू किया और दौसा के प्रसिद्ध मंदिर श्रीमेहंदीपुर बालाजी महाराज, पपलाज माता, देवनारायण भगवान, मीन भगवान का नाम लिया। पंडित नवलकिशोर शर्मा और राजेश पायलट को नमन किया।
मायने… नवरात्र में हुई सभा में प्रियंका गांधी का लाल रंग के सूट में आना और स्थानीय देवी-देवताओं को नमन करते हुए मेहंदीपुर बालाजी मंदिर जाना कांग्रेस के सॉफ्ट हिंदुत्व का संदेश माना जा रहा।